Ambati Rayudu Demand For Virat Kohli: आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला बीते शनिवार (28 मार्च) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला गया. मुकाबले में आरसीबी ने विराट कोहली (Virat Kohli) की दमदार पारी की बदौलत 200 रन से ज्यादा का चेज करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की.
रन चेज में कोहली ने 38 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 69* रनों की पारी खेली. कोहली की इस ‘विराट’ पारी को देखकर टीम इंडिया और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायडू ने बड़ी मांग करते हुए कहा कि कोहली को कप्तान के रूप में भारतीय टीम टेस्ट में वापसी करनी चाहिए.
क्या बोले अंबाती रायडू?
ईएसपीएन पर बात करते हुए रायडू ने कहा, “मुझे कहीं से भी नहीं लगता कि वह अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं. अब भी कम से कम 5-6 साल बाकी हैं. जैसा कि हम और संजय बातचीत कर रहे थे- उन्हें (विराट कोहली) टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान वापसी करनी चाहिए. वह रेड बॉल क्रिकेट के बेस्ट कप्तान रहे हैं, जो मैंने बीते कुछ सालों में भारतीय क्रिकेट में देखा है. जिस तरह से वो बैटिंग कर रहे हैं, वो भारतीय क्रिकेट का नुकसान है.”
200 से बड़ा था टारगेट, RCB ने आसानी से किया चेज
बात करें बेंगलुरु और हैदराबाद के मुकाबले की, तो पहले बैटिंग करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में 201/9 रन बोर्ड पर लगाए. टीम के लिए कप्तान ईशान किशन ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 38 गेंदों में 8 चौके और 5 छक्कों की मदद से 80 रन बनाए. इसके अलावा अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 43 रनों की पारी खेली.
रन चेज के लिए उतरी आरसीबी ने सिर्फ 15.4 ओवर में 203/4 रन बनाकर जीत अपने खाते में डाल ली. टीम के लिए विराट कोहली ने 69 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली. इसके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने शानदार पारी खेलते हुए सिर्फ 26 गेंदों में 61 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके और 4 छक्के निकले. बाकी कप्तान रजत पाटीदार ने 12 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 31 रन स्कोर किए.
यह भी पढ़ें: फरारी के बाद हार्दिक पंड्या ने खरीदी एक और लग्जरी कार, कीमत इतने करोड़; गर्लफ्रेंड को दी गिफ्ट?