Organic Farming Business Ideas: बदलती जरूरतों और तेजी से विकसित हो रही नई टेक्नोलॉजी के दौर में सिर्फ नौकरी के भरोसे बने रहना एक मुश्किल भरा कदम हो सकता है. क्योंकि नौकरियों के मौके सीमित हैं और कमाई भी तय नहीं रहती. वहीं, लोगों की एक लंबी लाइन नौकरी की तलाश कर रही है.
ऐसे में कई लोग अब अपने स्तर पर कुछ शुरू करने की ओर बढ़ रहे हैं. छोटा सा बिजनेस भी अगर सही तरीके से किया जाए तो धीरे-धीरे अच्छी आमदनी देने लगता है. अगर आप भी कुछ खुद का शुरू करना चाहते हैं तो, खेती से जुड़े काम इन दिनों लोगों को आकर्षित कर रहे हैं. जहां कम संसाधनों में भी कमाई के नए रास्ते बनते दिख रहे हैं. आइए जानते हैं, इस बारे में…
वर्मी-कम्पोस्ट का बिजनेस
वर्मी कम्पोस्ट एक तरह की जैविक खाद होती है, जिसे केंचुओं की मदद से तैयार किया जाता है. इस खाद का इस्तेमाल खेती में बढ़ रहा है. इसकी मांग लगातार बनी रहने की वजह से यह एक अच्छा कमाई का जरिया बन सकता है.
इस काम को शुरू करने के लिए ज्यादा जगह या बड़े निवेश की जरूरत नहीं होती. वहीं सही तरीके से करने पर इससे पूरे साल आय भी मिल सकती है. इसलिए कम लागत में बिजनेस शुरू करने वालों के लिए यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है.
क्यों बढ़ रही है वर्मी-कम्पोस्ट की मांग
खेती में बढ़ रहे कीटनाशक के उपयोग के कारण अब बहुत से किसान जैविक या ऑर्गेनिक खेती की तरफ अपना कदम बढ़ रहे हैं. इसके पीछे कारण यह है कि, लोग ऑर्गेनिक फलों और सब्जियों के लिए ज्यादा पैसा देने को लिए तैयार हैं.
जिससे किसानों को ज्यादा मुनाफा कमाने के अवसर मिल रहे हैं. जैविक खेती के लिए वर्मी कम्पोस्ट खाद की जरूरत होती है. जैसे-जैसे जैविक खेती की मांग बढ़ रही है, वैसे ही इसका बिजनेस भी रफ्तार पकड़ रहा है. किसान अपनी भाषा में वर्मी कम्पोस्ट को काला सोना भी कहते हैं.
कम निवेश में बेहतर मुनाफा
इस काम को शुरू करने के लिए बहुत बड़ी रकम की जरूरत नहीं होती. करीब 50 से 60 हजार रुपये में इसकी शुरुआत की जा सकती है. इसमें सबसे ज्यादा खर्च केंचुओं को खरीदने पर आता है.
जिनकी कीमत बाजार में लगभग 1,000 से 1,200 रुपये प्रति किलो होती है. खास बात यह है कि ये केंचुए तेजी से बढ़ते हैं और करीब 3 महीने में इनकी संख्या लगभग दोगुनी हो जाती है. जिससे उत्पादन भी तेजी से बढ़ता है और कमाई के मौके बेहतर हो जाते हैं.
अगर आपके पास थोड़ी सी जगह हो तो आप आसानी से इस बिजनेस की शुरूआत कर सकते हैं. हालांकि, काम चालू करने से पहले इस संबंध में जानकारी लेना और संभव हो तो ट्रेनिंग लेना सही कदम हो सकता है. इससे आपके नुकसान की संभावना कम हो जाएगी.
यह भी पढ़ें: बाजार को ऐसी लगी नजर! टॉप कंपनियों की मार्केट वैल्यू में बड़ी गिरावट, 1.75 लाख करोड़ रुपये का नुकसान