इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां संस्करण जारी है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के कई खिलाड़ी खेल रहे हैं. एडम जाम्पा इस बार आईपीएल नहीं खेल रहे हैं, उन्होंने एक पॉडकास्ट में खुलासा किया कि उन्होंने खुद ही जारी संस्करण से हटने का फैसला किया था. ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर को लगता है कि उन्हें सही कीमत नहीं मिलती. बता दें कि वह अभी पाकिस्तान सुपर लीग में खेल रहे हैं.
एडम जाम्पा ने क्या कहा
ARY पॉडकास्ट में बोलते हुए जाम्पा ने कहा कि अन्य खिलाड़ियों के मुकाबले उन्हें उनकी प्रतिभा के हिसाब से पैसे नहीं मिलते. इसके आलावा उन्होंने लीग की अवधि को भी हटने के पीछे की वजह बताया. उन्होंने कहा, “मैंने इस साल आईपीएल से अपना नाम वापस ले लिया, क्योंकि मुझे वह पैसा नहीं मिल रहा था जो अन्य हुनर वालों को मिलता है. आईपीएल में जितना समय लगता है, उसे देखते हुए यह मुझे इसमें खेलना कोई समझदारी भरा फैसला नहीं लगा.”
34 वर्षीय एडम जाम्पा को पिछले साल सनराइजर्स हैदराबाद ने 2.40 करोड़ रुपये में खरीदा था. ये उनकी आईपीएल में सबसे अधिक सैलरी थी, इससे पहले वह 3 टीमों के लिए खेल चुके हैं लेकिन किसी भी संस्करण में सभी मैच नहीं खेल पाए. आईपीएल में वह प्रभावित नहीं कर पाए. 2016 में उन्होंने आईपीएल डेब्यू किया, पहले सीजन राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की. उन्होंने 5 मैचों में 12 विकेट लिए. 2017 में उन्होंने 6 मैचों में 7 विकेट लिए थे.
2020 में जाम्पा आरसीबी के लिए खेले, इस सीजन उन्होंने 3 मैचों में 2 विकेट लिए. 2023 में वह राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले और 6 मैचों में 8 विकेट लिए. 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए उन्हें सिर्फ 2 ही मैच में मौका मिला, जिसमें उनके नाम 2 विकेट रहे.
PSL 2026 में खेल रहे हैं जाम्पा
एडम जाम्पा पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स की टीम के लिए खेल रहे हैं, जिसके कप्तान उनके ही हमवतन डेविड वार्नर हैं. कराची किंग्स ने उन्हें 4.5 करोड़ रुपये में खरीदा था (भारतीय मुद्रा में लगभग 1.51 करोड़ रुपये). जाम्पा ने बताया कि उन्होंने कुछ समय के लिए ब्रेक लेने का मन बनाया था, लेकिन फिर पाकिस्तान सुपर लीग से ऑफर आया और उन्होंने खेलने का फैसला किया.