सैमसन फ्लॉप, आयुष म्हात्रे ने ठोंकी हाफ-सेंचुरी, दुबे भी चमके, CSK ने पंजाब को दिया 210 का लक्ष्य


Chennai Super Kings vs Punjab Kings Scorecard: चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन बना दिए हैं. चेपॉक मैदान में खेले जा रहे इस मैच में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था. संजू सैमसन एक बार फिर फ्लॉप रहे, लेकिन 20 वर्षीय आयुष म्हात्रे ने सीजन का पहला अर्धशतक लगाया. उन्होंने 73 रनों की दमदार अर्धशतकीय पारी खेली. शिवम दुबे ने भी डेथ ओवरों में दर्शकों को अपने विस्फोटक अंदाज के दर्शन करवाए.

संजू सैमसन केवल 7 रन बनाकर आउट हो गए, वहीं कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 28 रन बनाकर चलते बने. 20 वर्षीय आयुष म्हात्रे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में खाता तक नहीं खोल पाए थे, लेकिन इस बार पंजाब के विरुद्ध उन्होंने 43 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली. म्हात्रे ने इस पारी में 6 चौके और 5 छक्के लगाए.

दुबे-सरफराज चमके

सरफराज खान भी पिछले मुकाबले में मात्र 17 रन बनाकर आउट हो गए थे. पंजाब के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 12 गेंदों में 32 रन बना डाले. इस तूफानी पारी के दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और एक छक्का आया. विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा कोई खास कमाल नहीं कर सके, लेकिन शिवम दुबे ने अपने अनुभव का भरपूर फायदा उठाया. दुबे 28 गेंद में 45 रन बनाकर नाबाद लौटे और उनकी पारी के दम पर चेन्नई 200 के पार पहुंच पाई. 20 वर्षीय युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर को इस मैच में IPL डेब्यू का मौका मिला है. उन्होंने 7 गेंद खेलीं और अपनी डेब्यू पारी में एक बाउंड्री समेत 6 रन बनाए. 

आखिरी 6 ओवर में बने 79 रन

एक समय चेन्नई सुपर किंग्स ने 14 ओवरों में 130 रन बना लिए थे. यहां से सरफराज खान ने तेजी से रन बनाए और 12 गेंदों में 32 रन ठोक दिए. सरफराज के आउट होने के बाद जिम्मेदारी शिवम दुबे ने संभाली, जिन्होंने 166.67 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 45 रनों की पारी खेली. इन 2 बल्लेबाजों के दम पर चेन्नई ने अंतिम 6 ओवरों में 79 रन ठोक दिए.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *