Sarfaraz Khan makes history in the IPL: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स को लगातार तीन हार झेलनी पड़ी है. एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 250 रन का विशाल स्कोर बनाने के बाद सीएसके को 19.4 ओवर में 207 रन पर ऑलआउट कर दिया. इस मुकाबले में भले ही सीएसके को हार मिली हो, लेकिन सरफराज खान ने आईपीएल में इतिहास रच दिया है. सरफराज ने नंबर चार पर खेलते हुए पावरप्ले में अर्धशतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बनने का कारनामा कर दिया है.
सरफराज खान ने बचाई सीएसके की लाज
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु द्वारा बनाए गए 250/3 के जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही. सीएसके के टॉप तीन बल्लेबाज संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे मिलकर सिर्फ 17 रन ही बना सके. जब सरफराज बल्लेबाजी करने आएं तब सीएसके का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 30 रन था. यहां से सरफराज ने स्कोर को बिना कोई विकेट गंवाए टीम को 77 रन तक पहुंचाया. इस दौरान सिर्फ 19 गेंद का सामना किया. सरफराज ने जिम्मेदारी सभालते हुए 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से अर्धशतक जड़ा.
आईपीएल में सरफराज खान ने रचा इतिहास
चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर एक समय पर 30/3 था और 77/3 तक का सफर सिर्फ 19 गेंद में तय किया, जिसमें सरफराज की पारी ने अहम भूमिका निभाई. उनकी इस पारी के साथ आईपीएल में एक खास रिकॉर्ड भी बना. सरफराज आईपीएल में नंबर 4 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए पहले छह ओवरों के अंदर अर्धशतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. आरसीबी के खिलाफ सरफराज का ये दूसरा आईपीएल अर्धशतक था. इससे पहले उन्होंने 6 अप्रैल 2019 को पंजाब किंग्स के लिए अपना पहला अर्धशतक लगाया था. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 2,556 दिन बाद 5 अप्रैल 2026 को अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया. इसी के साथ सरफराज दो आईपीएल अर्धशतकों के बीच सबसे ज्यादा समय लेने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर आ गए हैं.