IPL 2026 का 13वां मैच बारिश के कारण देरी से शुरू हुआ था, जो 11-11 ओवरों का हुआ. मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल पहली गेंद से गेंदबाजों पर टूट पड़े. लक्ष्य का पीछा करते हुए MI का टॉप आर्डर फ्लॉप रहा, टीम लक्ष्य से 28 रन दूर रह गई. मैच के बाद हार्दिक पांड्या ने इस हार का जिम्मेदार गेंदबाजों को बताया और बल्लेबाजों का बचाव किया, उन्होंने वैभव की दिलेरी को भी सराहा.
हार का जिम्मेदार कौन?
हार्दिक पांड्या ने गेंदबाजों को हार का जिम्मेदार बताया. बता दें कि जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर एक भी विकेट नहीं ले पाए. पांड्या ने कहा, “जैसी गेंदबाजी हमें करनी चाहिए थी वैसी नहीं की. राजस्थान रॉयल्स के ओपनर्स ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन हम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए. मैं हार का ठीकरा बल्लेबाजों पर नहीं फोड़ूंगा, निश्चित रूप से गेंदबाजों को ही इस हार की जिम्मेदारी लेनी होगी. बात हमेशा अच्छी गेंद डालने की होती है, अगर हमने अच्छी गेंदें की होती तो हम मैच में बने रहते. उनके ओपनर्स ने हमें हमारे खेल से भटका दिया और हम बस उनके पीछे भागते रहे.”
वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्या बोले MI कप्तान?
हार्दिक पांड्या ने वैभव सूर्यवंशी की निडरता, उनके खेलने के स्टाइल की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, “15-16 साल के लड़के को इस तरह खेलते देखना दिलचस्प था, जिस तरह वह बल्लेबाजी करता है और निडरता से करता है वो देखना कमाल का अनुभव था. मैं उसके भविष्य के लिए उसे शुभकामनाएं देता हूं.”
अगले मैच को लेकर पांड्या ने कहा, “बस अपनी गलतियों से सीखो. कल सुबह फिर होगी, सूरज निकलेगा, अगले मैच के लिए अच्छी तैयारी करो.” ये मुंबई की लगातार दूसरी हार है.
मैच की बात करें तो यशस्वी जायसवाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने 32 गेंदों में ताबड़तोड़ 77 रन बनाए थे. वैभव सूर्यवंशी ने 14 गेंदों में 39 रनों की पारी खेली. राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवरों में 150 रन बना दिए थे. लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई 123 रन ही बना पाई और 9 विकेट गंवा दिए. रयान रिकेल्टन (8), रोहित शर्मा (5), सूर्यकुमार यादव (6), तिलक वर्मा (14), हार्दिक पांड्या (9) के रूप में टॉप 5 बल्लेबाज मिलाकर भी 50 रन नहीं बना पाए.