Share Market Today: शेयर बाजार की तूफानी तेजी अब भी जारी है. सेंसेक्स लगभग 2833 अंक या 3.8 परसेंट की भारी बढ़त के साथ 77450 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है. इसी तरह से निफ्टी भी 821 अंक या 3.5 परसेंट उछलकर अभी 23900 के स्तर के ऊपर बना हुआ है. शेयर बाजार में आज आईइस जबरदस्त तेजी से निवेशकों की संपत्ति में लगभग 15 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है.
बता दें कि आज 8 अप्रैल को ट्रंप के सीजफायर के ऐलान के बाद भारतीय शेयर बाजार में ऐतिहासिक तेजी देखी जा रही है. सुबह बीएसई सेंसेक्स लगभग 2674 अंकों की उछाल के साथ 77290 पर खुला. निफ्टी भी 761 अंक या 3.61 परसेंट की जबरदस्त तेजी के बाद 23855 के लेवल पर कारोबार की शुरुआत की थी.
आज के टॉप परफॉर्मर
- तेल सस्ता होने से एटीएफ की लागत घटने की उम्मीद में इंडिगो के शेयर में 10 परसेंट का उछाल आया है.
- ट्रंप के सीजफायर के प्रस्ताव और मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने की उम्मीद में दिग्गज इंफ्री कंपनी लॉर्सन एंड ट्रुबो (L&T) के शेयर में 8 परसेंट की तेजी है.
- HDFC और ICICI जैसे बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में भी तेजी देखी जा रही है.
अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर
ट्रंप ने ईरान पर होने वाले हमले को दो हफ्तों के लिए टाल दिया है. उन्होंने ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि यह फैसला इस शर्त पर लिया गया है कि ईरान अब होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत हो. दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में देश की ‘सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद’ की ओर से कहा कि तेहरान की सेना “अपनी रक्षात्मक कार्रवाई रोक देगी.”
एशियाई बाजार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर किए जाने वाले हमलों को दो हफ्तों के लिए टालने पर सहमत होने और इससे कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के बाद आज एशियाई बाजारों में जबरदस्त रौनक देखी जा रही है. जापान के निक्केई 225 में 1.79 परसेंट का उछाल देखा गया, जबकि टॉपिक्स में 1.69 परसेंट की बढ़त दर्ज की गई. दक्षिण कोरिया के कोस्पी में भी 5.99 परसेंट और स्मॉल-कैप कोस्डैक में लगभग 5 परसेंट की तेजी आई.
वॉल स्ट्रीट
कच्चे तेल में भारी गिरावट के बाद अमेरिकी शेयर वायदा (Futures) में उछाल आया. डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज फ्यूचर्स में 967 अंक या 2.1 परसेंट की शानदार बढ़त देखी गई. S&P 500 फ्यूचर्स में 2.1 परसेंट का उछाल दर्ज किया और Nasdaq 100 फ्यूचर्स 2.3 परसेंट ऊपर चढ़कर ट्रेड कर रहा है.
क्रूड ऑयल की कीमत
वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड वायदा 14 परसेंट गिरकर 97.49 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जो 100 डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे है. इसका मतलब है कि बाजार को अब युद्ध की तत्काल आशंका नहीं है. ब्रेंट क्रूड वायदा आज सुबह 13 परसेंट गिरकर 95.63 डॉलर पर आ गया. COMEX पर क्रूड की कीमतों में 13.33 परसेंट की गिरावट आई है और यह 97.890 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है.
रेपो रेट
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रेपो रेट को 5.25 परसेंट पर स्थिर रखा है. यह बाजार की उम्मीदों के मुताबिक है. इससे बैंकिंग और होम लोन के सेक्टर में निवेशकों का सेंटिमेंट EMI न बढ़ने की वजह से पॉजिटिव बना हुआ है. शेयर बाजार में आज आई तेजी की यह भी एक वजह है.
ये भी पढ़ें: