आईपीएल 2026 के 15वें मुकाबले में मैदानी अंपायरों से बड़ी चूक हो गई. कोलकाता नाइट राइडर्स के विस्फोटक ओपनर फिन एलन अंपायरों की गलती से आउट हुए, जिसके बाद हर कोई खराब अंपायरिंग की आलोचना कर रहा है. मैच के बाद केकेआर के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज रोवमैन पॉवेल ने भी इस पर बड़ा बयान दिया. पॉवेल ने केकेआर की करीबी हार के लिए ईडन गार्डन्स की धीमी पिच को जिम्मेदार ठहराया.
लखनऊ सुपर जायंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को अंतिम गेंद पर शिकस्त दी. केकेआर की हार के बाद रोवमैन पॉवेल ने पत्रकारों से कहा, “आप ईडन गार्डन्स को अपना गढ़ बनाना चाहते हैं. यह आपका घरेलू मैदान है. यहां दर्शकों का समर्थन आपको मिलता है. घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा उठाना अच्छा लगता है, लेकिन इस युवा खिलाड़ी (मुकुल) को श्रेय जाता है. उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की.”
जानें फिन एलन के विकेट पर क्या बोले रोवमैन पॉवेल?
इस सीजन अब तक केकेआर को चार मैच में एक भी जीत नहीं मिली है. इनमें से तीन मैच उसने अपने घरेलू मैदान पर खेले हैं. लखनऊ के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत के बावजूद वो चार विकेट पर 181 रन ही बना पाए. इस मैच में उसके सलामी बल्लेबाज फिन एलन (09) विवादास्पद तरीके से आउट हो गए. एलन के बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर गई गेंद को डीप थर्ड मैन की सीमा रेखा पर खड़े दिगवेश राठी ने कैच कर लिया. रीप्ले से पता चला कि उनके पैर की उंगलियां बाउंड्री को छू गई थीं.
लेकिन मैदानी अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक (दक्षिण अफ्रीका) और अक्षय टोत्रे (भारत) ने तीसरे अंपायर का सहारा नहीं लिया और इस कैच को क्लीन करार दिया.
फिन एलन के विकेट लेकर रोवमैन पॉवेल ने कहा, “बिल्कुल और भी पहलुओं पर गौर किया जाना चाहिए था. जब वह मैदान से बाहर आया तो हमने इस बारे में बात की थी. हमने आईपीएल में देखा है कि अंपायर इससे भी छोटी-छोटी चीजों के लिए तीसरे अंपायर की मदद लेते रहे हैं. हो सकता है कि यह उनकी तरफ से एक गलती थी, लेकिन हम इसकी जांच नहीं करने जा रहे हैं और यह नहीं कहेंगे कि इसी वजह से आज रात हमें दो अंक गंवाने पड़े.”