रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए हर व्यक्ति लोन लेता है. कभी गाड़ी के लिए, कभी घर के लिए, शादी के लिए, पढ़ाई आदि के लिए. इसके अलावा भी कई ऐसी जरूरतें होती हैं जिन्हें बैंक से लोन लेकर पूरा किया जाता है. बैंक में खाता तो हर किसी व्यक्ति का होता ही है. हालांकि कई ऐसे लोग भी होते हैं जिनका बैंक में कोई खाता नहीं होता, लेकिन वो भी अपनी जरूरतों के लिए लोन लेना चाहते हैं पर संकोच में ही रह जाते हैं. क्योंकि उन्हें लगता है कि बैंक खाता ना होने की वजह से उन्हें लोन नहीं मिलेगा. क्या वाकई में ऐसा है?
नहीं जानते होंगे ना! तो आइये हम आपको बताते हैं कि बिना बैंक खाते के आप लोन ले सकते हैं या नहीं?
इसका जवाब है, हां, बिना बैंक खाते के भी कोई व्यक्ति लोन ले सकता है. हालांकि ये थोड़ा मुश्किल होता है क्योंकि इसके लिए सीमित विकल्प ही होते हैं. बिना बैंक खाते के आप किसी एनबीएफसी, छोटे वित्त संस्थान, फिनटेक एप्स, गोल्ड लोन या प्रॉपर्टी लोन ले सकते हैं. हालांकि इसमें आपको कोई बड़ा लोन नहीं मिल पाएगा बल्कि छोटा सा लोन ही मिल सकता है.
बिना खाते के लोन कहां से मिलेगा?
- माइक्रोफाइनेंस कंपनीज: ये संस्थाएं छोटे स्तर की होती हैं और बिना बैंक खाते के ही लोन देती हैं. ये लोन आपको आधार कार्ड और आय से जुड़े प्रमाण पत्रों के आधार पर मिल पाएंगे.
- गोल्ड लोन: बैंक या एनबीएफसी में सोना गिरवी रखकर आप बिना बैंक खाते के भी लोन ले सकते हैं. ये लोन आपके सोने के वजन पर आधारित होते हैं. हालांकि ये भी याद रखें कि आपको गोल्ड लोन 100 प्रतिशत नहीं मिलेगा. बल्कि 75 से 80 प्रतिशत अमाउंट मिलेगा.
- पे-डे लोन: ये लोन बहुत छोटे समय का लोन होता है, इसे एक हफ्ते के हिसाब से या आपकी सैलेरी की आधार पर दिया जाता है. लेकिन इसकी ब्याद दर आम लोन के मुताबिक ज्यादा हो सकती है.
- डिजिटल वॉलेट: कुछ फिनटेक ऐप्स डिजिटल वॉलेट के माध्यम से छोटी राशि का लोन देते हैं,जिसे आप बिना बैंक खाते के सीधे इस्तेमाल कर सकते हैं. इनकी भी ब्याज दर ज्यादा हो सकती है.
मुश्किलों का करना पड़ सकता है सामना
हालांकि इन लोन्स को लेने पर कुछ मुश्किलों का सामना भी करना पड़ सकता है. जैसे कि इन लोन्स की ब्याज दर या अन्य शुल्क ज्यादा हो सकती हैं. इसके अलावा आपको जितना लोन चाहिए होगा हो सकता है कि उससे कम ही लोन मिले. आपको अपने दस्तावेज पूरे रखना होंगे, KYC करवाना होगा. पैसा नकद की जगह पर किसी डिजिटल वॉलेट में भी आ सकता है.
क्या कहते हैं नियम?
इन लोन को लेने के लिए भी कुछ नियम होते हैं जिनका पालन करना अनिवार्य होता है. जैसे आपके पास जरूरी पात्रता होना चाहिए.
- लोन लेने के लिए आपकी आयु 21 वर्ष से 60 वर्ष के बीच होना चाहिए.
- आय का प्रमाण होना चाहिए, इसके लिए बैंक स्टेटमेंट या सैलेरी स्लिप होना ज़रूरी है. अगर आप ITR भरते हैं तो बहुत अच्छा होगा.
- लोन लेने के लिए आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा होना चाहिए, CIBIL रिपोर्ट अच्छी होगी, तो लोन भी आपको आसानी से और शायद कम ब्याज दर पर मिल जाएगा.
जानें कर्ज लेने का अधिकार
आप लोन बैंक से ले रहे हैं या किसी संस्था या एप से ले रहे हैं तो भी आपके पास RBI के नियमों के अनुसार कुछ अधिकार होते हैं. जिनके बारे में हर व्यक्ति को जानना जरूरी है. कर्ज लेने वालों के मुख्य अधिकार:
- पारदर्शिता और सूचना का अधिकार: अगर आप कर्ज ले रहे हैं और समझौते पर साइन करने से पहले ब्याज दर, शुल्क, जुर्माना और रीपेमेंट शेड्यूल की लिखित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
- सम्मानजनक व्यवहार का अधिकार: रिकवरी एजेंट अभद्र भाषा, धमकी, या गलत समय (सुबह 8 बजे से पहले या शाम 7 बजे के बाद) पर कॉल/विजिट नहीं कर सकते.
- गोपनीयता का अधिकार: बैंक या वित्तीय संस्थान आपकी व्यक्तिगत जानकारी किसी तीसरे पक्ष के साथ शेयर नहीं कर सकता है. यदि बैंक के द्वारा ऐसा किया जाता है तो आप इसकी शिकायत कर सकते हैं.
- शिकायत निवारण का अधिकार: यदि बैंक नियम तोड़ता है, तो आप बैंक के आंतरिक लोकपाल या RBI के पास शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
- बिना पेनल्टी फोरक्लोज: नियमों के अनुसार आप बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के लोन की अवधि से पहले भी उसे चुका सकते हैं.
- दस्तावेज वापस पाने का अधिकार: लोन को पूरी तरह से चुकाने के बाद, आप बैंक में जमा किए गए अपने अली दस्तावेजों को वापस ले सकते हैं. 30 दिनों के अंदर ही आप इन्हें वापस ले सकते हैं.
लोन लेने वाले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां:
इसके अलावा लोन लेने वाले व्यक्ति की भी कुछ जिम्मेदारियां होती हैं, जिनका उन्हें ध्यान रखना चाहिए. जैसे कि आप ईएमआई का भुगतान समय पर करें. आवेदन करते समय या लोन के लिए अप्लाय करते समय सही जानकारी और सही दस्तावेज जमा करें. यदि कोई एजेंट या बैंक से जुड़ा कोई व्यक्ति आपको परेशान करत है तो आप पुलिस में इसकी शिकायत कर सकते हैं.