खालिन जोशी ने जीती आंध्र ओपन 2026 गोल्फ चैंपियनशिप, विजेता बनने पर मिली बंपर प्राइज मनी

d4e5cba02015d5d4affa668c9a8c98c81775829256973975 original


खालिन जोशी ने विशाखापत्तनम में खेली गई आंध्र ओपन गोल्फ चैंपियनशिप 2026 जीत ली है. जोशी ने दो-अंडर 69 का स्कोर बनाते हुए इस एक करोड़ रुपये इनामी राशि वाले टूर्नामेंट को अपने नाम किया, यह उनके गोल्फ करियर का सातवां पेशेवर खिताब है.

33 वर्षीय खालिन बेंगलुरू से आते हैं. खालिन (68-68-70-69) ने कुल नौ-अंडर 275 के स्कोर के साथ चार शॉट के बड़े अंतर से जीत दर्ज की. इस जीत से उन्हें ₹15 लाख की पुरस्कार राशि मिली और वे 2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में 55वें स्थान से 12वें स्थान पर पहुंच गए, जबकि उनकी सीजन कमाई ₹18,13,875 हो गई. 

चंडीगढ़ के अक्षय शर्मा (70-70-74-65), जो टूर पर दो बार के विजेता हैं. उन्होंने अंतिम राउंड में कोर्स रिकॉर्ड छह-अंडर 65 का स्कोर बनाकर 13वें स्थान से छलांग लगाते हुए दूसरा स्थान कब्जाया. अक्षय कुल पांच-अंडर 279 के स्कोर के साथ उपविजेता रहे, वे विजेता से चार शॉट पीछे रहे. 

बताते चलें कि टूर्नामेंट के दौरान पार-5 सातवें होल को 477 यार्ड के पार-4 में बदला गया, जिससे कोर्स का कुल पार 71 हो गया था. जोशी ने अंतिम राउंड की शुरुआत सात-अंडर पर तीन शॉट की बढ़त के साथ की और दो-अंडर 69 का स्कोर बनाते हुए पांच बर्डी और तीन बोगी के साथ खिताब अपने नाम किया. यह उनकी अगस्त 2022 में कोयंबटूर के बाद 44 महीनों में पहली जीत रही.

उनका अंतिम राउंड स्थिर खेल और सही समय पर की गई वापसी का मिश्रण रहा. तीसरे होल पर शुरुआती बोगी के बाद उन्होंने चौथे होल पर 80 यार्ड से 10 फीट के शानदार एप्रोच के बाद बर्डी बनाकर तुरंत वापसी की. आठवें होल पर उन्होंने एक और बर्डी लगाई और 12वें होल पर महत्वपूर्ण ‘अप-एंड-डाउन’ करते हुए बढ़त बनाए रखी. बैक-नाइन पर कुछ बोगी के बावजूद, जोशी ने 15वें होल पर बर्डी बनाकर लय फिर हासिल की. दूसरे राउंड से ही बढ़त बनाए रखने वाले जोशी ने दबाव में शानदार खेल दिखाते हुए यादगार जीत सुनिश्चित की.

अपने प्रदर्शन पर जोशी ने कहा, “मैं खासकर बैक-नाइन पर थोड़ा नर्वस था, लेकिन मैंने धैर्य बनाए रखा और अपने खेल पर भरोसा किया. शुरुआत वैसी नहीं रही जैसी मैं चाहता था, लेकिन मैं अपने एप्रोच पर कायम रहा और अच्छी वापसी की. मुझे इस बात पर गर्व है कि मैंने दबाव में संयम बनाए रखा और राउंड को अच्छे से खत्म किया. पूरे हफ्ते मेरी बॉल-स्ट्राइकिंग मजबूत रही. मैंने हवा में अच्छा कंट्रोल रखा, ड्राइविंग लगातार अच्छी रही और काफी ग्रीन्स हिट किए. पुटिंग मेरी सबसे अच्छी नहीं थी, लेकिन ग्रीन्स हिट करना ही फर्क बना.”

उपविजेता अक्षय शर्मा के कोर्स रिकॉर्ड अंतिम राउंड 65 में सात बर्डी और एक बोगी शामिल रही. उनकी पांच बर्डी बैक-नाइन पर आईं. सप्तक तलवार (70-74-68-68), जो वर्तमान डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग लीडर हैं और पिछले महीने इंडोरामा वेंचर्स ओपन के विजेता रहे, वे चार-अंडर 280 के स्कोर के साथ दुबई के यश मजमुदार (71-69-69-71) के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे. तलवार ने ₹5,49,800
की कमाई के साथ अपनी कुल सीजन कमाई ₹75,80,000 तक पहुंचाई और रैंकिंग में अपनी बढ़त और मजबूत की.

मजमुदार, जो एक अनोखी एक-हाथ से चिपिंग तकनीक का इस्तेमाल करते हैं, जनवरी में क्वालिफाइंग स्कूल के जरिए टूर कार्ड हासिल करने के बाद इस सीजन का अपना पहला टूर्नामेंट खेल रहे थे. चंडीगढ़ के अजीतेश संधू, जिन्होंने हाल ही में ’72 द लीग’ के पहले संस्करण में राजस्थान रीगल्स को जीत दिलाई थी, तीन-अंडर 281 के साथ पांचवें स्थान पर रहे. अंगद चीमा, जिन्होंने 2024 में EPGC में आखिरी बार जीत दर्ज की थी, दो-अंडर 282 के साथ हनी बैसोया, राशिद खान और मनजोत सिंह के साथ संयुक्त छठे स्थान पर रहे.

अब टूर 14–17 अप्रैल के बीच हैदराबाद के बोल्डर हिल्स गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले जाने वाले ₹1 करोड़ वाले बोल्डर्स क्लासिक के पहले संस्करण की ओर बढ़ेगा.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *