Gold Jewellery: सोने के गहनों के शौकीन महिलाओं के साथ-साथ पुरुष भी होते हैं हालांकि, इसकी खरीदारी करते वक्त हम अकसर कई बार इस कन्फ्यूजन में पड़ जाते हैं कि रोज के इस्तेमाल के लिए कितने कैरेट का सोना सही रहेगा. इसमें दो ऑप्शंस हैं- 14-कैरेट (14K) और 18-कैरेट (18K).
डेली वियर या रोज के इस्तेमाल के लिए इन्हें सबसे बेहतरीन माना जाता है. 24 कैरेट का सोना मुलायम होता है. इसके मुड़ने या टूटने का डर रहता है इसलिए रोज के इस्तेमाल के हिसाब से इन्हें सही नहीं माना जाता है. 14-कैरेट का सोना ज्यादा मजबूत और टिकाऊ होता है. वहीं, 18-कैरेट सोने से बने गहने स्टाइल दिखाने या खास मौकों पर पहनने के लिए ज्यादा उपयुक्त होते हैं.
‘कैरेट’ शब्द का क्या होता है मतलब?
जब हम सोने के गहनों की बात करते हैं, तो हमारा ध्यान अक्सर उसकी चमक और कीमत पर होता है. लेकिन, यह समझना भी उतना ही जरूरी है कि गहनों पर लिखे निशान—जैसे 14K या 18K—असल में क्या बताते हैं. असल में, ‘कैरेट’ सोने की शुद्धता को दिखाता है. कैरेट का नंबर जितना ज्यादा होगा, सोना उतना ही ज्यादा शुद्ध होगा. इस बात को समझकर, आप आसानी से तय कर सकते हैं कि रोजाना पहनने के लिए कौन सा गहना सबसे सही रहेगा.
शुद्ध सोना एक बहुत ही नरम धातु होती है. इसमें लचक ज्यादा होती है. अगर आप पूरी तरह से शुद्ध सोने की बनी अंगूठी रोज पहनेंगे, तो उस पर जल्दी ही खरोंचें आ जाएंगी और उसका आकार भी बिगड़ सकता है इसलिए जौहरी सोने में दूसरी धातुएं मिलाते हैं ताकि वह मजबूत हो जाए और रोजाना इस्तेमाल के लायक बन सके. इस मिश्रण को ‘मिश्र धातु’ (alloy) कहते हैं. सीधे शब्दों में कहें तो, कैरेट सिस्टम यह बताता है कि उस खास मिश्र धातु में शुद्ध सोने का कितना हिस्सा मौजूद है.
कितना खरा है आपका सोना?
24-कैरेट सोना लगभग 99.9 परसेंट शुद्ध होता है और इसका रंग बहुत गहरा पीला होता है. इसके विपरीत, 18-कैरेट सोने में लगभग 75 परसेंट शुद्ध सोना होता है. शेष 25 परसेंट में अन्य धातुए—जैसे तांबा और चांदी—शामिल होती हैं, जिन्हें इसकी मजबूती बढ़ाने और इसे रोजमर्रा के इस्तेमाल के लायक बनाने के लिए मिलाया जाता है. 14-कैरेट (14K) सोने में लगभग 58.3 परसेंट शुद्ध सोना होता है. यह 18-कैरेट सोने के मुकाबले ज्यादा मजबूत होता है. हालांकि इसमें शुद्ध सोने का अनुपात कम होता है. ऐसे में गहनों की खरीदारी करते वक्त इन बातों का ध्यान जरूर रखना चाहिए.
ये भी पढ़ें:
Gold-Silver Rate Today: आज कितनी है 24 कैरेट सोने की कीमत? 22 और 18 कैरेट के भी चेक करें रेट्स