Share Market Today on May 6: घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत आज तेजी के साथ हुई. एक तरफ सेंसेक्स 406 अंकों की बढ़त के साथ 77424 के लेवल पर खुला. वहीं, निफ्टी भी 138 अंक उछलकर 24171 के लेवल पर कारोबार की शुरुआत की. अभी के कारोबार में बाजार में चौतरफा हरियाली छाई हुई है. Nifty से लेकर IT, Nifty Auto और Metals में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिल रही है.
क्यों बाजार में लौटी रौनक?
अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता पर बात आगे बढ़ने की खबरों से कच्चे तेल की कीमतों में आज 4 परसेंट तक की गिरावट आई. इससे शेयर बाजार को सहारा मिला. ऊपर से आज भारतीय रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सोमवार के बंद भाव 95.28 के मुकाबले 95.04 प्रति डॉलर के स्तर पर मजबूत खुला है. इससे भी निवेशकाें के सेंटिमेंट्स को सहारा मिला.
एशियाई बाजार
बुधवार सुबह एशियाई इंडेक्स की शुरुआत बढ़त के साथ हुई. ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते की उम्मीदों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट और AI शेयरों में उछाल से निवेशकों में उत्साह चरम पर है. इस दौरान दक्षिण कोरिया का Kospi 4.50 परसेंट की बढ़त के साथ अपने नए ऑल-टाइम हाई रिकॉर्ड पर पहुंच गया.
वहीं, स्मॉल-कैप Kosdaq में 0.15 परसेंट की गिरावट देखने को मिली. हांगकांग के Hang Seng इंडेक्स के फ्यूचर्स 25860 पर थे, जबकि इसकी पिछली क्लोजिंग 25898.61 पर हुई थी. जापान में शेयर बाजार सार्वजनिक अवकाश के कारण आज बंद है.
अमेरिकी शेयर बाजार
मंगलवार रात को अमेरिकी शेयर बाजार में शानदार तेजी देखी गई और इंडेक्स रिकॉर्ड हाई लेवल पर बंद हुए. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और मजबूत कॉर्पोरेट नतीजों के दम पर बाजार में तेजी देखने को मिली. S&P 500 58.47 अंक या 0.81 परसेंट की बढ़त के साथ 7259.22 के नए ऑल-टाइम हाई पर बंद हुआ. नैस्डैक कम्पोजिट भी 258.32 अंक उछलकर 25326.17 के नए रिकॉर्ड लेवल पर बंद हुआ. वहीं, 365.35 अंकों की तेजी के साथ डाऊ जोन्स भी 49298.25 के लेवल पर बंद हुआ.
कच्चा तेल
वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड वायदा 1.20 परसेंट गिरकर 101.05 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है. ब्रेंट क्रूड वायदा आज सुबह 1.13 परसेंट की गिरावट के साथ 108.69 पर कारोबार करता दिखा. वहीं, COMEX पर भी कच्चे तेल की कीमतें 1.15 परसेंट गिरकर 101.09 प्रति बैरल पर आ गईं.
बिकवाली का डेटा
NSE पर उपलब्ध शुरुआती डेटा के अनुसार, मंगलवार 05 मई, 2026 को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 3,519.06 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. दूसरी ओर, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 2,756.56 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर बाजार को सहारा देने का काम किया.
ये भी पढ़ें:
ट्रंप-ईरान युद्ध ने नाक में दम कर दिया! IMF ने कहा- और बुरे होंगे हालात, मंदी का खतरा टालना नामुमकिन