‘असफलता उन्हें परेशान नहीं करतीं’, आमिर खान ने खुद से की जुनैद खान की तुलना, बेटे को बताया ‘लंबी रेस का घोड़ा’

c560187a6bdc6e4e79f8d5cc566283aa17774511427631400 original


बॉलीवुड एक्टर आमिर खान के बेटे जुनैद खान जल्द ही फिल्म ‘एक दिन’ में नजर आएंगे. उनकी इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. खास बात ये है कि आमिर इस फिल्म के प्रोड्यूसर हैं. बता दें कि जुनैद ने 2024 में फिल्म ‘महाराज’ से एक्टिंग में डेब्यू किया था और उनकी परफॉर्मेंस लोगों को खूब पसंद आई. हालांकि, उनकी पहली थिएटर रिलीज ‘लवयापा’ बॉक्स ऑफिस पर मुंह के बल गिरी. अब ‘एक दिन’ की रिलीज से पहले आमिर ने अपने बेटे जुनैद की जमकर तारीफ की है. 

आमिर खान ने खुद से की बेटे की तुलना
रेडियो सिटी इंडिया के साथ एक इंटरव्यू में आमिर ने अपने बेटे जुनैद खान को “लंबी रेस का घोड़ा” बताया और खुद से तुलना की. उन्होंने कहा, ‘जुनैद ने अपना रास्ता खुद बनाया है. वो मुझे कभी कुछ करने नहीं देगा. वो बहुत इंडिपेंडेंट लड़का है, बहुत मजबूत इरादों वाला है और आसानी से हार नहीं मानता. वो लंबी रेस का घोड़ा है, जैसा मेरे बारे में भी शुरुआती दिनों में कहा जाता था. नाकामियों से वो परेशान नहीं होता और वह खुद के साथ बहुत ईमानदार है.’

ये भी पढ़ें:- बेटे जुनैद की फिल्म ‘एक दिन’ के इवेंट में इमोशनल हुए आमिर खान, छलक पड़े आंसू

जुनैद खान ईमानदारी से निभाते हैं हर किरदार
आमिर खान ने बताया कि जब भी जुनैद कोई रोल करता है, तो वो पूरी ईमानदारी से उसमें डूब जाता है. आमिर ने कहा, ‘उसने ‘एक दिन’ में भी अपने किरदार को पूरी ईमानदारी से निभाया है. हालांकि, ये बहुत हीरो वाला किरदार नहीं है, लेकिन उसने कभी इससे बाहर निकलने की कोशिश नहीं की. ये उसके काम के प्रति उसकी ईमानदारी दिखाता है.’

आमिर खान ने शेयर किया दिलचस्प किस्सा
आमिर खान ने इंटरव्यू में अपने बेटे जुनैद खान के बचपन की एक दिलचस्प याद भी शेयर की. उन्होंने बताया कि जुनैद को बचपन में टीनएज म्यूटेंट निंजा टर्टल्स जैसे एक्शन शो बहुत पसंद थे और वो अक्सर उन्हें देखकर काफी एक्साइटेड रहते थे. आमिर ने बताया कि एक बार वह जुनैद को अपनी फिल्म ‘इश्क’ के सेट पर लेकर गए थे, जहां एक एक्शन सीन शूट किया जा रहा था. उस सीन में अजय देवगन और जूही चावला की कार से जुड़ा एक स्टंट शामिल था, जिसमें कार को टक्कर लगती है और वो हवा में उछलती हुई दिखाई देती है. उस वक्त जुनैद उस पूरे सीन को बड़े ध्यान से देखते रहे और उनके लिए वह अनुभव काफी रोमांचक और यादगार था.

ये भी पढ़ें:- इस थाई फिल्म की रीमेक है जुनैद खान की ‘एक दिन’, बॉक्स ऑफिस पर छापे थे इतने करोड़, IMDb पर मिली है 7.7 रेटिंग

कब रिलीज होगी फिल्म ‘एक दिन’?
‘एक दिन’ की बात करें तो इस फिल्म के डायरेक्टर सुनील पांडे हैं. वहीं, मंसूर खान, आमिर खान और अपर्णा पुरोहित फिल्म के प्रोड्यूसर हैं. इस फिल्म के जरिए साई पल्लवी बॉलीवुड में कदम रखने वाली हैं. ये फिल्म 1 मई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *