बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त एक बार फिर अपनी नई फिल्म को लेकर सुर्खियों में हैं. 90 के दशक की उनकी आइकॉनिक फिल्म ‘खलनायक’ ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी और अब सालों बाद इसकी कहानी नए अंदाज में लौटने जा रही है. संजय दत्त ने हाल ही में ‘खलनायक रिटर्न्स’ फिल्म का फर्स्ट लुक रिलीज किया है, जिसके बाद फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.
‘नायक नहीं, खलनायक हूं मैं…’
दरअसल, संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए इस फिल्म का ऐलान किया. उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘कुछ कहानी खत्म नहीं होतीं… वो दोबारा शुरू होती हैं. खलनायक रिटर्न्स.’ वीडियो में उनका सबसे मशहूर डायलॉग ‘नायक नहीं, खलनायक हूं मैं’ भी सुनने को मिला, जिसे सुनते ही फैंस के बीच हलचल मच गई और सभी इसके बारे में और जानने के लिए उत्सुक हो गए.
फर्स्ट लुक पोस्टर ने मचाई सनसनी
इसी बीच संजय दत्त ने फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर शेयर किया और लिखा, ‘हर कहानी का एक वक्त होता है…और उसका वक्त आ गया हैं… खलनायक रिटर्न्स.’ इन पोस्टर में संजय दत्त इंटेंस और रफ लुक में नजर आ रहे है, जिसने फैंस की बेचैनी बढ़ा दी है. उनके चेहरे पर वही पुराना एटीट्यूड दिखाई दे रहा है, जैसा 90 के दशक में इस फिल्म के पहले पार्ट में देखा गया था. वहीं संजय दत्त ने इस फिल्म के बारे में बताते हुए कहा कि ‘खलनायक की जर्नी बहुत लंबी जर्नी है, जो सुभाष जी के बिना ये पॉसिबल नहीं हो पाता.’
‘खलनायक रिटर्न्स’ को लेकर क्या बोले संजय दत्त?
संजय दत्त ने ‘खलनायक रिटर्न्स’ के इवेंट में फिल्म को लेकर बात की और कहा, ‘ये खलनायक की जर्नी बहुत लंबी है. सुभाष जी के बिना ये मुमकिन नहीं थी. वो लिजेंड हैं और मैन ऑफ एंटरटेनमेंट हैं. मैं उनका शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे ये सम्मान दिया और खलनायक को फिर बनाने का फैसला किया.’ इसके साथ ही एक्टर ने अपनी पत्नी मान्यता दत्त का भी शुक्रिया अदा किया और कहा, ‘जब मैं लड़खड़ाता हूं तो कोई तो है जो मेरी कॉलर पकड़ने के लिए है.’
1993 में आया था पहला पार्ट
बता दें कि इस फिल्म को जियो स्टूडियोज की ज्योति देशपांडे प्रोड्यूस कर रही है, जिन्होंने ‘धुरंधर’ पर भी काम किया है. फिल्म का पहला पार्ट 1993 में आया था, जिसे सुभाष घई ने डायरेक्ट किया था. फिल्म में संजय दत्त ने बल्लू नाम के एक खतरनाक अपराधी का किरदार निभाया था, जो जेल से भाग जाता है और पुलिस उसे पकड़ने की कोशिश करती है. इस फिल्म में माधुरी दीक्षित, जैकी श्रॉफ, अनुपम खेर और राखी गुलजार जैसे कलाकार भी नजर आए थे. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थी और इसके गाने ‘चोली के पीछे क्या है’ आज भी लोगों के बीच पॉपुलर हैं.
ये भी पढ़ें: ‘ऐसा कलाकार मैंने नहीं देखा’, गोविंदा की कॉमेडी के फैन हैं राजपाल यादव, जमकर की तारीफ