Milind Soman: उम्र सिर्फ एक संख्या है यह बात कई लोग कहते हैं, लेकिन कुछ ही लोग इसे सच करके दिखाते हैं. जब ज्यादातर लोग 60 की उम्र में आराम की सोचते हैं, तब कुछ लोग अपनी सीमाओं को तोड़कर नई मिसाल कायम करते हैं. ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी है फिटनेस आइकन और मॉडल मिलिंद सोमन की, जिन्होंने न सिर्फ भारत बल्कि यूरोप और दुनिया भर में अपनी फिटनेस से पहचान बनाई है. साथ ही उनका हालिया कारनामा न सिर्फ हैरान करने वाला है, बल्कि हर उम्र के लोगों के लिए जबरदस्त प्रेरणा भी है.
समंदर की कठिन चुनौती को किया पार
1 मई को मिलिंद सोमन ने जिब्राल्टर जलडमरूमध्य को तैरकर पार किया. उन्होंने स्पेन के तारिफा इलाके से शुरुआत करते हुए मोरक्को के तट तक करीब 15 किलोमीटर लंबा सफर पानी में तैरते हुए पूरा किया. उन्होंने बताया कि यह कोई आसान काम नहीं था. समुद्र की तेज लहरें, ठंडा पानी और लगातार कई घंटों तक तैरना ये सब मिलाकर यह एक बेहद कठिन चुनौती के रूप में सामने आ रही थी. लेकिन मिलिंद सोमन ने अपने मजबूत इरादों और शानदार फिटनेस के दम पर इस चुनौती को पार कर लिया.
यह भी पढ़ेंः क्या इस्तीफा न देने पर गिरफ्तार हो सकती हैं ममता बनर्जी, क्या कहता है भारत का कानून?
इंस्टाग्राम पर शेयर की खास झलक
इस उपलब्धि की जानकारी उन्होंने अपने Instagram अकाउंट के जरिए भी शेयर की. उन्होंने अपनी तैराकी से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए, जिसमें एक फोटो में वे भारतीय झंडे के साथ नजर आए. अपने पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने बताया कि 1 मई को उन्होंने यूरोप से अफ्रीका तक जिब्राल्टर जलडमरूमध्य पार किया, जो अपने सबसे नजदीकी हिस्से में लगभग 15 किलोमीटर का है. उन्होंने इसे बेहद खूबसूरत अनुभव बताया. उनके इस पोस्ट को लोगों ने खूब पसंद किया और कमेंट्स में उनकी तारीफ की.
यूरोप से अमेरिका तक बनाई पहचान
खास बात यह है कि यह सफर सिर्फ एक जगह का नहीं था, बल्कि दो महाद्वीपों यूरोप और अफ्रीका को जोड़ने वाला था. मिलिंद सोमन पहले भी कई इंटरनेशनल इवेंट्स का हिस्सा रह चुके हैं और यूरोप से लेकर अमेरिका तक अपनी फिटनेस का लोहा मनवा चुके हैं. उनकी पहचान अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि वे दुनियाभर में एक फिटनेस आइकन के तौर पर जाने जाते हैं. इससे पहले भी उन्होंने गोवा में करीब 20 किलोमीटर लंबी तैराकी पूरी की थी, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है. 2026 में भी वे लगातार अपनी फिटनेस जर्नी को आगे बढ़ा रहे हैं और नए-नए लक्ष्य हासिल कर रहे हैं. उनकी मेहनत और अनुशासन देखकर साफ समझ आता है कि फिट रहना सिर्फ जिम जाने से नहीं, बल्कि एक सही लाइफस्टाइल अपनाने से होता है.
यह भी पढ़ेंः पश्चिम बंगाल की किन सीटों पर 50 पर्सेंट से ज्यादा मुस्लिम आबादी, वहां BJP ने कितनी सीटें जीतीं?