मुंबई और वड़ा पाव का रिश्ता कोई नाजुक रिश्ता नहीं है. ये वो स्नैक है, जो मुंबई की रफ्तार का ईंधन है, मजदूर का पेट भरने वाला सहारा है और करोड़पति बिजनेसमैन की भी कमजोरी. लेकिन इन दिनों मुंबईकरों के लिए एक बुरी खबर है. उनका अपना वड़ा पाव अब उनकी जेब पर पहले से ज्यादा भारी पड़ने लगा है. शहर में पिछले कुछ हफ्तों में वड़ा पाव की कीमत में इजाफा हुआ है, जिसके चलते ये सस्ता और पेट भरने वाला स्नैक अब 25 से 30 रुपए तक पहुंच गया है. पहले जो वड़ा पाव 15 से 20 रुपए में मिलता था, अब उसके लिए ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ रही है. लेकिन तेल-गैस और अन्य चीजों के दाम बढ़ने पर इतनी तेज चर्चा नहीं हुई, जितना वड़ा पाव पर हो रही, क्यों?
सिर्फ पांच रुपये की बढ़ोतरी नहीं, मुंबई की ‘लाइफलाइन’ पर चोट
ये महज 5 से 10 रुपये की बढ़ोतरी नहीं है, बल्कि ये उस अर्थव्यवस्था और भावना पर चोट है, जो करोड़ों मुंबईकरों को रोज जोड़ती है. गौरतलब है कि कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में जबरदस्त बढ़ोतरी और कच्चे माल के दाम आसमान छूने की वजह से ये संकट खड़ा हुआ है. पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और उससे प्रभावित ईंधन आपूर्ति ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है. नतीजा ये हुआ कि 2026 की शुरुआत में ही वड़ा पाव विक्रेताओं ने इसकी कीमत 5 रुपए तक बढ़ा दी.
मार्च 2026 में आई FPJ की रिपोर्ट के मुताबिक, कई इलाकों में वड़ा पाव 25 रुपए प्रति पीस बिकने लगा था. अब ताजा रिपोर्ट्स बताती हैं कि ये कीमत 25 से 30 रुपए तक पहुंच गई है. LPG संकट के चलते खाने-पीने की चीजों के दामों में 10 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. ब्रेड के दाम में 5 रुपये तक का इजाफा हुआ है, जिसका सीधा असर वड़ा पाव, मिसल पाव और सैंडविच जैसे स्नैक्स पर पड़ा है.
क्यों बढ़ रहे हैं वड़ा पाव के दाम?
वड़ा पाव की बढ़ती कीमतों के पीछे सिर्फ एक नहीं, बल्कि कई बड़ी वजहें हैं:
- पिछले कुछ महीनों में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है. इसकी वजह से बड़ी संख्या में छोटे होटल और स्ट्रीट फूड विक्रेता या तो बंद होने की कगार पर हैं या फिर उन्होंने अपने मेन्यू से कई चीजें हटा दी हैं. मुंबई के एक उपनगर में वड़ा पाव की दुकान चलाने वाले बबन यादव ने पाव की कीमत बढ़ने की वजह से वड़ा पाव के दाम 3 रुपए बढ़ा दिए हैं. उन्होंने समोसा तलना तक बंद कर दिया है.
- खाद्य तेल की कीमतों में 30 से 40 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हुई है. बेसन, आलू और मिर्च जैसे कच्चे माल के दाम भी बढ़ गए हैं, जिससे व्यापारियों को भारी घाटा सहना पड़ रहा है.
- BMC ने बेकरियों में लकड़ी और कोयले के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है, जिससे पाव के उत्पादन की लागत में और इजाफा होने की आशंका है. इस फैसले के विरोध में बेकरी एसोसिएशन का कहना है कि इससे पाव की कीमत 3 रुपए से बढ़कर 5 रुपए प्रति पीस तक हो सकती है, जिसका सीधा असर वड़ा पाव की कीमत पर पड़ेगा.
ये सिर्फ शुरुआत है. LPG की कमी ने मुंबई की बेकरी इंडस्ट्री को घुटनों पर ला दिया है. शहर की 1200 बेकरियों में से लगभग 600 बेकरियां रोजाना करीब 32 लाख पाव का उत्पादन करती हैं. लेकिन गैस की कमी की वजह से ये बेकरियां बंद होने के कगार पर हैं, जिससे पूरी सप्लाई चेन पर खतरा मंडरा रहा है.
रोजाना कितने लोग खाते हैं वड़ा पाव और कितना बड़ा है ये कारोबार?
वड़ा पाव मुंबई की अर्थव्यवस्था का एक बड़ा और मजबूत हिस्सा है, हालांकि इसका कोई एक आधिकारिक आंकड़ा नहीं है. FPJ की रिपोर्ट के मुताबिक, शहर में रोजना करीब 10,000 से 20,000 लोग वड़ा पाव खाते हैं. एक अनुमान के मुताबिक, मुंबई में वड़ा पाव की लगभग 5,000 स्टॉल्स हैं. वहीं, फूड एंड वाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में 20,000 से भी ज्यादा वड़ा पाव के स्टॉल हैं. इस अनौपचारिक उद्योग से रोजाना लगभग 1.6 करोड़ रुपये का कारोबार होता है.
फूड एंड वाइन की रिपोर्ट बताती है कि शहर की रोजाना पाव की खपत 80 लाख से ज्यादा है, जिसमें से करीब 60 लाख पाव स्ट्रीट वेंडर्स और खाने-पीने की दुकानों पर सप्लाई होते हैं. गोली वड़ा पाव जैसे बड़े ब्रांड रोजाना 70,000 से ज्यादा वड़ा पाव बेचते हैं. मुंबई उपनगरीय रेलवे के 70 लाख से ज्यादा यात्रियों के लिए वड़ा पाव एक सस्ता और जल्दी मिलने वाला आहार है, जो उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है. वहीं, BMS.CO.IN की रिपोर्ट ‘माय मुंबई एंड माय वड़ा पाव’ के मुताबिक, मुंबई में रोजाना 1 लाख वड़ा पाव खाए जाते हैं.
एक वड़ा पाव से कितने परिवारों का चलता है घर?
वड़ा पाव ने अनगिनत परिवारों की आजीविका का जरिया बनकर उन्हें आर्थिक स्वतंत्रता दिलाई है. एक छोटी सी रेहड़ी लगाने वाले से लेकर बड़े ब्रांड तक, ये स्नैक लाखों लोगों को रोजगार देता है. ‘माय मुंबई एंड माय वड़ा पाव’ रिपोर्ट के मुताबिक, सेटअप का खर्च 50,000 रुपये से लेकर 5,00,000 रुपये तक हो सकता है, लेकिन सही जगह और स्वाद होने पर मुनाफा तुरंत शुरू हो जाता है. एक वेंडर रोजाना 500 से 1000 वड़ा पाव तक बेच लेता है. एक वेंडर हर वड़ा पाव पर करीब 8 रुपये बचाता है, जो दिनभर में अच्छी-खासी कमाई बन जाती है.
कुछ मशहूर स्टॉल्स की कमाई सुनकर आप हैरान रह जाएंगे. कई वेंडर्स महीने के 2.8 लाख रुपये तक कमा लेते हैं, जो कि किसी बड़ी IT कंपनी की नौकरी से भी ज्यादा है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक वड़ा पाव विक्रेता ने बताया कि वो सालाना 24 लाख रुपये तक कमा लेता है, जो सुनकर कई बड़ी नौकरी वाले भी हैरान रह गए.
मुंबई की मशहूर ‘अशोक वड़ा पाव’ की दुकान हर महीने 30 लाख रुपये का कारोबार करती है. ये दुकान, जो अब तीसरी पीढ़ी चला रही है, इस बात का सबूत है कि वड़ा पाव किस तरह एक परिवार की तकदीर बदल सकता है. एक अनुमान के मुताबिक, मुंबई में करीब 2 लाख डिलीवरी वर्कर रोजाना साइकिल और मोटरसाइकिल से ताजा पाव की सप्लाई करते हैं. ये दर्शाता है कि इस एक स्नैक से जुड़ी सप्लाई चेन कितनी बड़ी है और कितने लोगों का पेट इससे जुड़ा है.
मुंबई की पहचान कैसे बना और एक मजबूरी से निकला ‘गरीबों का बर्गर’?
वड़ा पाव की कहानी 1960 के दशक में शुरू होती है, जब मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन के बाहर अशोक वैद्य नाम के एक शख्स ने स्टॉल लगाया. वो दिन में सैकड़ों मिल मजदूरों को गुजरते देखते, जिनके पास न तो ज्यादा पैसे होते थे और न ही खाने का वक्त. बस एक ऐसी चीज चाहिए होती थी, जो सस्ती हो, जल्दी खाई जा सके और पेट भी भर जाए. तब अशोक वैद्य के दिमाग में एक आइडिया आया कि क्यों न आलू की मसालेदार भाजी को बेसन में डुबोकर तला जाए और उसे पाव के बीच रखकर चटनी के साथ परोसा जाए? बस यहीं से जन्म हुआ वड़ा पाव का, जिसे आज दुनिया ‘गरीबों का बर्गर’ या ‘बॉम्बे बर्गर’ के नाम से भी जानती है.
1970 और 80 के दशक में जब मुंबई की कपड़ा मिलें बंद होने लगीं और हजारों मजदूर बेरोजगार हो गए, तब इनमें से कई लोगों ने अशोक वैद्य के मॉडल को अपनाकर अपनी खुद की वड़ा पाव की रेहड़ी लगा ली. ये स्नैक मजदूरों की मजबूरी से निकला था और बेरोजगारों के लिए रोजगार का जरिया बन गया. कहानी यहीं खत्म नहीं होती. बाला साहेब ठाकरे ने भी 1960 के दशक में मराठी लोगों को उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया, ठीक वैसे ही जैसे दक्षिण भारतीय उडुपी रेस्टोरेंट चला रहे थे.
गिरगांव का ‘बोरकर वड़ा पाव’ इसी प्रेरणा का नतीजा है, जो आज तीसरी पीढ़ी चला रही है और रोजाना 500 वड़ा पाव बेचती है. धीरे-धीरे वड़ा पाव मुंबई की पहचान बन गया. 2024 में ‘टेस्ट एटलस’ ने दुनिया के बेस्ट सैंडविच की लिस्ट में वड़ा पाव को 39वां स्थान दिया. ये सिर्फ एक स्नैक नहीं रहा, बल्कि मराठी अस्मिता और गर्व का प्रतीक बन गया.
इस महंगाई का मुंबईकरों पर क्या पड़ेगा असर?
वड़ा पाव की बढ़ती कीमत सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है. इसका सीधा और गहरा असर मुंबई के लाखों मजदूरों, मिल वर्करों और दिहाड़ी मजदूरों पर पड़ रहा है, जिनके लिए वड़ा पाव दिन का एक भरोसेमंद और सस्ता आहार है. व्यावसायिक एलपीजी की बढ़ती कीमतों ने सबसे ज्यादा मार छोटे दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडर्स पर डाली है. करीब 50 फीसदी होटल अस्थायी रूप से बंद होने की खबरें आ रही हैं. कई स्ट्रीट वेंडर्स ने या तो अपनी दुकानें बंद कर दी हैं या फिर अपना मेन्यू सीमित कर दिया है.
मुंबई में अनुमानित 30 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट इस वक्त या तो बंद हैं या बहुत सीमित संसाधनों के साथ चल रहे हैं. इस बढ़ती महंगाई ने मुंबई के उस तबके को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है, जो पहले से ही जीवनयापन की बढ़ती लागत से जूझ रहा है. एक वड़ा पाव विक्रेता के ग्राहकों ने कहा कि बढ़ी हुई कीमत का सबसे ज्यादा असर गरीब और प्रवासी श्रमिकों पर पड़ेगा, क्योंकि वड़ा पाव आम आदमी का खाना है. यह एक ऐसा आईना है जिसमें मुंबई की रूह बसती है. ये शहर के संघर्ष, उसकी रफ्तार और उसके जज्बे का स्वाद है.