टीवी इंडस्ट्री में बढ़ती उम्र के साथ कलाकारों के लिए काम मिलना कितना मुश्किल हो जाता है, इस पर राम कपूर ने खुलकर अपनी राय रखी है. उन्होंने अपनी पत्नी गौतमी कपूर का उदाहरण देते हुए बताया कि वे भी ऐसे दौर से गुजर चुकी हैं. आइए जानते हैं आखिर राम कपूर ने उम्र को लेकर इंडस्ट्री का कौन-सा सच बताया.
राम कपूर ने इंडस्ट्री में उम्र को लेकर कही बड़ी बात
टीवी के मशहूर एक्टर राम कपूर ने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं और दर्शकों का भरपूर प्यार हासिल किया है. वे अक्सर मनोरंजन जगत के उस सच पर खुलकर बात करते दिखते हैं, जिसके बारे में कलाकार बोलने से बचते नजर आते हैं. इस कड़ी में राम कपूर ने बताया कि इंडस्ट्री में उम्र बढ़ने के साथ कलाकारों को किस तरह नजरअंदाज किया जाता है. साथ ही बताया कि उनकी पत्नी और एक्ट्रेस गौतमी कपूर भी इसी तरह के दौर से गुजर चुकी हैं.

ये भी पढे़ं: रिलीज से पहले ही ‘रामायण’ ने बनाया रिकॉर्ड, 350 करोड़ में हुई थिएट्रिकल डील
राम कपूर ने ये खुलासा नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ के दौरान आकांक्षा चमोला से बातचीत में किया. दरअसल, शो में आकांक्षा चमोला ने राम कपूर से कहा कि वे जल्द ही अपने पति गौरव खन्ना से अलग रहकर अपनी नई शुरुआत करने वाली हैं. ऐसे में उन्हें अपना नया ठिकाना बनाना होगा और करियर को भी नए सिरे से संभालना पड़ेगा. उन्होंने राम से कहा कि इस सफर में उन्हें उनकी मदद की जरूरत पड़ सकती है.
आकांक्षा की बात सुनकर राम ने बिना किसी झिझक के उनका साथ देने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे अपनी पूरी टीम को उनकी मदद के लिए लगा देंगे.
35 की उम्र के बाद कम मिलने लगते हैं मौके
बातचीत के दौरान आकांक्षा ने मनोरंजन इंडस्ट्री की एक बड़ी समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि यहां कलाकारों की उम्र को लेकर बहुत जल्दी धारणा बना ली जाती है. जैसे ही कोई कलाकार 35 साल की उम्र पार करता है, उसे ये कहकर अलग कर दिया जाता है कि अब वे पहले जैसा नहीं रहा. इससे कलाकारों के लिए नए मौके कम होने लगते हैं और करियर पर असर पड़ता है.
गौतमी कपूर भी झेल चुकी हैं ऐसा दौर
आकांक्षा ने राम कपूर से बात करते हुए कहा, ‘आप जानते हैं कि लोग हमारी उम्र को अच्छी नजर से नहीं देखते. दुर्भाग्य से जैसे ही कोई कलाकार 35 साल का होता है, उसे ये कहकर अलग कर दिया जाता है कि वह अब बहुत उम्रदराज हो गया है. मुझे इस दुनिया की ज्यादा समझ नहीं है. मैं जितना कर सकती थी, उतना किया है. अब उम्मीद है कि आगे भी काम मिलता रहे, ताकि मैं अपनी जिंदगी सुरक्षित बना सकूं.’
आकांक्षा की बातें सुनकर राम कपूर ने कहा कि उनकी स्थिति उन्हें अपनी पत्नी गौतमी कपूर की याद दिलाती है. उन्होंने बताया कि गौतमी भी अपने करियर में ऐसे ही दौर से गुजरी हैं और वे इस दर्द को अच्छी तरह समझते हैं.
राम ने कहा, ‘गौतमी और मैंने भी उम्र का भेदभाव झेला है. शुरुआत में गौतमी भी इसी तरह की सिचुएशन से गुजरी थीं. मैं इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता, लेकिन जो दौर तुम झेल रही हो, उससे गौतमी भी गुजर चुकी हैं. वे मेरी पत्नी हैं, मेरी दुनिया हैं, मेरा प्यार हैं. इसलिए मैं समझ सकता हूं कि तुम किस स्थिति में हो. मैं तुम्हारे लिए जितना संभव होगा, उतनी मदद करूंगा.’
ये भी पढे़ं: ‘अल्फा 2’ को बराबर की टक्कर दे रही 13 दिन पुरानी ‘वेलकम टू द जंगल’, जानें बुधवार की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
बता दें कि नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ को फराह खान और रितेश देशमुख होस्ट कर रहे हैं. शो में आकांक्षा चौधरी, योगेश रावत, सुनीता आहूजा, श्रेया कालरा, शिवांगी जोशी, हर्षद चोपड़ा, सूफी मोतीवाला, धीरज धूपर, माधुरी जैन ग्रोवर, रियाज अली और वरुण यादव उर्फ लैला जैसे कई चर्चित चेहरे भी शामिल हैं.