Mithun Chakraborty Birthday Special: मिथुन चक्रवर्ती हिंदी सिनेमा के सबसे बेहतरीन अभिनेताओं में से एक माने जाते हैं. फिल्मी दुनिया में अपने 50 साल पूरे कर चुके मिथुन आज अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस मौके पर हम आपको उनके कड़े स्ट्रगल के बारे में बताने जा रहे हैं. मिथुन को बॉलीवुड में खास और बड़ा मुकाम हासिल करने से पहले बद से बदतर हालात से गुजरना पड़ा था. कोलकाता से मुंबई आने के बाद उन्हें लाइफ में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
कभी नक्सलवादी आंदोलन से जुड़े थे मिथुन चक्रवर्ती
मिथुन चक्रवर्ती का जन्म पश्चम बंगाल की राजधानी कोलकता में 16 जून 1950 को हुआ था. उनका असली नाम गौरांग चक्रवर्ती है. मिथुन कभी नक्सलवादी आंदोलन से जुड़े हुए थे. लेकिन, जब उनके बड़े भाई की मौत हुई थी तो वो सब कुछ छोड़कर अपने घर आ गए थे. इसके बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया में काम करने के लिए मुंबई का रुख किया था.
ये भी पढ़ें: ‘उन्होंने हमेशा हौसला बढ़ाया’, मदालसा शर्मा ने की ससुर मिथुन चक्रवर्ती की जमकर तारीफ
जब पहली बार मुंबई पहुंचे मिथुन
साल 2022 में दिग्गज एक्टर ने मैन्स वर्ल्ड इंडिया को दिए इंटरव्यू में कहा था, ‘मेरी यात्रा गुलाबों का बिस्तर नहीं रही है. मेरी यात्रा चुनौतियों और मंजिल के बारे में थी. मैं दर्द, संघर्ष से गुजरकर यहां तक पहुंचा, लेकिन मैं इससे उबरने के लिए हर दिन संघर्ष करता रहा. मैं बस लोगों को बताना चाहता हूं कि अगर मैं यह कर सकता हूं तो आप भी कर सकते हैं.’
इंडस्ट्री हारे हुए लोगों को याद नहीं रखती
मिथुन ने आगे कहा था, ‘फिल्म इंडस्ट्री कभी भी हारे हुए लोगों को याद नहीं रखती है. आप तभी ज़िंदा रह सकते हैं जब आप अच्छे होंगे. मैं जहां हूं वहां तक पहुंचने के लिए मुझे संघर्ष करना पड़ा है. मैं अभिनेता बनने के लिए मुंबई नहीं आया था. सपनों के शहर में मेरा पहला दिन भ्रमित करने वाला था क्योंकि मुझे नहीं पता था कि कहां जाना है और कैसे जाना है. माटुंगा (जिमखाना) को ढूंढने के लिए मैंने समुद्र के किनारे पर 45 मिनट का चक्कर लगाया लेकिन जल्द ही मुझे एहसास हुआ कि मैं सही दिशा में नहीं जा रहा हूं.’
फर्स पर सोते थे, सड़कों पर खाते थे
मिथुन चक्रवर्ती ने आगे कहा था, ‘मैं सनी साइड बिल्डिंग में 75 में रहता था और मुझे फर्श पर सोना पड़ता था. मैं सड़कों पर खाना खाता था और माटुंगा जिमखाना का सदस्य बन गया था, क्योंकि मैं वहां नहा सकता था. यह आसान नहीं रहा, लेकिन मुझे कोई शिकायत नहीं है. हर कोई मुझे दिग्गज सुपरस्टार कहता है, मैं और क्या मांग सकता हूं.’
ये भी पढ़ें: 100 करोड़ कमाना आज आम बात है, लेकिन पहली बार ऐसा करने वाला एक्टर कौन था?
मिथुन चक्रव्रती की फिल्में
मिथुन चक्रव्रती ने साल 1976 में फिल्म ‘मृगया’ से डेब्यू किया था. पहली ही फिल्म में बेहतरीन अदाकारी के लिए उन्हें बेस्ट एक्टर के नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था. दिग्गज एक्टर ने अपने 5 दशक के करियर में द कश्मीर फाइल्स, डिस्को डांसर, वारदात, जल्लाद, गुंडा, प्रेम प्रतिज्ञा, गोलमाल 3, ओएमजी और अग्निपथ सहित कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है.