बॉलीवुड एक्ट्रेस जीनत अमान इन दिनों चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर अक्सर वो अपने फिल्मों से जुड़ा किस्सा शेयर करती रहती हैं. इसी बीच उन्होंने अपनी फिल्म ‘गवाही’ का एक वीडियो शेयर किया हैं, जिसमें उन्होंने ब्रेक के बाद कमबैक किया था. साथ ही उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया, जिसमें उन्होंने खुद को ‘कमबैक क्वीन’ बताया.
जीनत अमान ने शेयर किया किस्सा
जीनत ने फिल्म का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘एक लड़की आखिर कितनी बार कमबैक कर सकती है? अगर मेरी बात करें, तो शायद इसका जवाब है अनगिनत बार! ‘गवाही’ की शूटिंग साल 1988 में हुई थी. उस समय मेरे बड़े बेटे अजान के जन्म को दो साल हो चुके थे और मेरे दूसरे बेटे जहान के जन्म से ठीक पहले का वक्त था.
करियर के शिखर पर रहते हुए मैंने जिस खुशहाल जिंदगी का सपना देखा था, वो धीरे-धीरे फीका पड़ने लगा था. शादी और मां बनने, दोनों चीजें मेरी जिंदगी में आ चुकी थीं, लेकिन शादीशुदा रिश्ते में दरारें दिखने लगी थीं.
लो-बजट कोर्टरूम ड्रामा थी ‘गवाही’
उन्होंने आगे लिखा, ‘मैं अपने छोटे बेटे अजान को लेकर फिर से अपनी मां के साथ साउथ बॉम्बे के उनके फ्लैट में रहने लगी थी, तभी अचानक एक स्क्रिप्ट मेरे दरवाजे तक पहुंची. ये ऐन रैंड के नाटक ‘द नाइट ऑफ जनवरी 16′ पर बनी एक लो-बजट कोर्टरूम ड्रामा थी, जिसे प्रोड्यूसर विवेक वसवानी और डेब्यू डायरेक्टर अनंत बलानी ने मुझे बेहद शानदार तरीके से सुनाया था. एक समय ऐसा था जब मैं फिल्मों से दूर भागना चाहती थी, लेकिन अब मैं अपनी निजी जिंदगी से दूर जाना चाहती थी और खुद को सिर्फ बेटी, मां और पत्नी से अलग एक पहचान बनाना चाहती थी.’
कैसी थी फिल्म की कहानी?
फिल्म के बारे में उन्होंने बताया, ‘मेरी शानदार अम्मा ने अजान की देखभाल में मदद की और उसी वजह से मैं ‘गवाही’ में मर्डर के आरोप में फंसी जान्हवी कौल का किरदार निभाने के लिए तैयार हो पाई. हमने पूरी फिल्म की शूटिंग मुंबई में की थी और फिल्म की कास्ट में शेखर कपूर और आशुतोष गोवारिकर जैसे कलाकार शामिल थे. मैंने कल रात दोबारा ये फिल्म देखी और मुझे याद आया कि ये कितनी बोल्ड और अलग तरह की मर्डर मिस्ट्री फिल्म थी. कौल उस कहानी की ‘दूसरी औरत’ और बिजनेसमैन रणजीत चौधरी की सेक्रेटरी है, जिसकी कहानी मौत के इर्द-गिर्द है.’
कमबैक क्वीन हैं जीनत अमान
साथ ही जीनत ने फैंस से कहा, ‘अगर आपको धीरे-धीरे आगे बढ़ने वाले लीगल ड्रामा, इमोशन और ट्विस्ट पसंद हैं, तो ये फिल्म देखने लायक हो सकती है. ये इंटरव्यू क्लिप ‘गवाही’ के सेट की है और मेरे लिए ये यादगार एहसास से भरी हुई है. बेटे के जन्म के बाद फिल्मों में मेरी वापसी इसी किरदार से हुई थी, इसलिए इसे भी एक कमबैक कहा गया और उसके बाद भी मैंने जिंदगी में कई कमबैक किए हैं. शायद आप मुझे ‘कमबैक क्वीन’ कह सकते हैं.’ बता दें कि ‘गवाही’ फिल्म 1989 में रिलीज हुई थीं. इसके अलावा जीनत अमान कुछ समय पहले ही ‘द रॉयल्स’ में नजर आई थीं, जिसमें ईशान खट्टर और भूमि पेडनेकर लीड रोल में थे.