बॉलीवुड सिंगर Alka Yagnik को आखिर कौन सी बीमारी है? अचानक बहरापन कैसे हो गया?

3d06ff3e44d6ed1950fb3469e9e7367b17822918628901064 original


बॉलीवुड की जानी-मानी सिंगर अलका याग्निक को 23 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्म भूषण से सम्मानित किया है. इस दौरान हर कोई बेहद खुश था. लेकिन उनकी तस्वीरें और वीडियो देखकर फैंस काफी चिंतित भी हो गए. क्योंकि सिंगर मंच तक अटेंडेंट का सहारा लेकर चलती हुई नजर आई थीं और वो बेहद कमजोर भी लग रही थीं. बता दें कि दो साल से वो एक बीमारी से जूझ रही हैं. 2024 में वो अचानक से बहरेपन का शिकार हो गई थीं और अब तक इस बीमारी से उबर नहीं पाई हैं.

किस बीमारी से जूझ रही हैं अलका याग्निक
अलका याग्निक ने जून 2024 में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करके अपने तमाम चाहने वालों को हैरान कर दिया था. सिंगर ने बताया था कि उनके सुनने की क्षमता कम हो गई थी. उनके मुताबिक डॉक्टर्स ने ‘सेंसरी नर्व हियरिंग लॉस’ नाम की बीमारी का पता लगाया था.

ये भी पढ़ें: ‘दो साल से बीमार हूं…’ अलका याग्निक ने पद्म भूषण मिलने के बाद लिखा भावुक पोस्ट

अचानक कैसे हुआ अलका को बहरापन?

सिंगर ने जून 2024 में इंस्टाग्राम पर किए गए पोस्ट में बताया था कि वो इस बीमारी की शिकार वायरल अटैक के कारण हुई थी. उन्होंने लिखा था, ‘मेरे सभी प्रशंसकों, दोस्तों, फॉलोअर्स और शुभचिंतकों. कुछ सप्ताह पहले मैं फ्लाइट से उतरी तो अचानक महसूस हुआ जैसे कुछ सुनाई नहीं दे रहा है. इस घटना को कुछ हफ्ते बीत चुके हैं. अब मैंने हिम्मत जुटाकर अपने सभी मित्रों और शुभचिंतकों के लिए चुप्पी तोड़ने का फैसला किया है. 

मुझसे लोग लगातार पूछ रहे थे कि मैं कहीं नजर क्यों नहीं आ रही हूं तो उन्हें इस बारे में बताना चाहती हूं. जांच में डॉक्टरों ने इस दुर्लभ बीमारी को सेंसरी न्यूरल नर्व हीयरिंग लॉस बताया है. यह एक वायरल अटैक के बाद हुआ. इस अचानक लगे बड़े झटके ने मुझे पूरी तरह से हैरान कर दिया है.’

फैंस को दी थी ये सलाह

दिग्गज सिंगर ने आगे बताया था, ‘मैं इस स्थिति से उबरने की कोशिश कर रही हूं. आप लोग भी मुझे अपनी दुआओं में रखें. अपने प्रशंसकों और खासकर युवाओं को सलाह है कि वे बहुत तेज आवाज में संगीत न सुनें और हेडफोन के इस्तेमाल को लेकर भी सावधानी बरतें. मैं अपने पेशेवर जीवन के स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी एक दिन साझा करना चाहती हूं. मुझे उम्मीद है कि आप सभी के प्यार से फिर जीवन पहले जैसा होगा और जल्द ही आप सभी के बीच लौटूंगी. इस समय आप सभी का साथ और प्यार बहुत मायने रखता है.’

ये भी पढ़ें: ‘तारक मेहता’ के ‘चंपक चाचा’ की रियल फैमिली से मिलिए, अमित भट्ट के बारे में ये बातें नहीं जानते होंगे आप

अब भी पूरी तरह ठीक नहीं हुईं अलका याग्निक

अलका याग्निक दो साल बाद भी इस बीमारी से पूरी तरह ठीक नहीं हो पाई हैं. उन्होंने कुछ महीनों पहले एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें अब भी ये समस्या है और उनके लिए अब भी काम करना मुश्किल है. उन्होंने कहा था, ‘कंपोज़र कभी-कभी मुझसे कॉन्टेक्ट करते हैं. लेकिन मैं काम नहीं कर पा रही हूं.’

अलका याग्निक के सदाबहार गाने

तू शायर है मैं तेरी शायरी, गली में आज चांद निकला, अगर तुम साथ हो, मैं अगर सामने, चांद छुपा बादल में, चुरा के दिल मेरा, पहेली पहली बार, आए हो मेरी ज़िंदगी में सहित एक से बढ़कर एक बेहतरीन गानों को अलका ने आवाज दी है. संगीत जगत में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें देश के तीसरे सबसे ऊंचे नागरिक सम्मान पद्म भूषण से नवाजा गया है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *