दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन जारी है. नीट पेपर लीक मामले में सीजेपी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के साथ प्रोटेस्ट कर रही है. उनके प्रोटेस्ट को कई बॉलीवुड सेलेब्स का भी समर्थन मिल रहा है. हाल ही में स्वरा भास्कर, प्रकाश राज और शबाना आजमी जैसे सेलेब्स जंतर मंतर पहुंचे थे. वहीं अब एक वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह भी जंतर मंतर पर सीजेपी प्रोटेस्ट में शामिल हुए थे. आइए जानते हैं कि उनके वायरल वीडियो की सच्चाई क्या है?
CJP प्रोटेस्ट में शामिल हुए नसीरुद्दीन शाह?
20 जुलाई को नसीरुद्दीन शाह ने अपना 76वां जन्मदिन मनाया. इस दौरान सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ, जहां एक्टर अपने बेटे विवान के साथ भीड़ में सड़क पर खड़े नजर आ रहे हैं. उनके आस पास और भी कई लोग खड़े हुए हैं. राजेश गौर नाम के इंस्टा हैंडल से शेयर किए गए इस वीडियो में दावा किया गया है कि वीडियो जंतर मंतर का है, जहां सीजेपी का प्रोटेस्ट चल रहा है. हालांकि इस दावे में कोई सच्चाई नहीं है.
ये भी पढ़ें: जॉन अब्राहम ने 84 करोड़ रुपये में खरीदा आलीशान बंगला, 5 करोड़ तो सिर्फ स्टांप ड्यूटी के चुकाए
जानें क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई
नसीरुद्दीन शाह के इस वायरल वीडियो की सच्चाई सामने आ चुकी है. ये वीडियो जंतर मंतर का नहीं, बल्कि मुंबई के कोलाबा के रीगल सिनेमा के बाहर का है. फिल्म पत्रकार असीम छाबड़ा और अन्य लोगों ने इसकी पुष्टि की है. माना जा रहा है कि अपने बर्थडे पर बेटे विवान शाह के साथ नसीरुद्दीन किसी फिल्म की स्क्रीनिंग में शामिल हुए हों.
एक्टर थलापति विजय का वीडियो भी निकला था झूठा
इससे पहले तमिलनाडु के सीएम और तमिल सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय का भी एक वीडियो इसी दावे के साथ वायरल किया गया था. एक यूजर ने उनका एक वीडियो शेयर किया था जिसमें वो अपनी गाड़ी में थे और आस-पास फैंस की भारी भीड़ जमा थी. विजय के उस वीडियो पर दिल्ली पुलिस ने एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया था कि ये जानकारी गलत है और ये जंतर मंतर का वीडियो नहीं है. दिल्ली पुलिस ने गलत जानकारी फैलाने और लोगों को गुमराह करने वाली पोस्ट न शेयर करने की अपील की थी.
ये भी पढ़ें: ‘जन नायकन’ से ‘महाराजा होस्टल’ तक, थिएटर में इस हफ्ते रिलीज हो रही ये 8 साउथ फिल्में, बॉक्स ऑफिस पर मचेगा धमाल