
मशहूर ट्रैवल पोर्टल कोंडे नास्ट ट्रैवल ने देश के 16 बेहतरीन मानसून डेस्टिनेशन की सूची में राजस्थान के उदयपुर और सोंखलिया को शामिल किया है. रिपोर्ट के अनुसार, प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक विरासत और झीलों के मनमोहक नजारों की वजह से उदयपुर बारिश के मौसम में घूमने के लिए देश की सबसे खास जगहों में गिना गया है. खास तौर पर सज्जनगढ़ पैलेस को शहर का सबसे शानदार व्यू-पॉइंट बताया गया है.

मानसून सीजन को देखते हुए वन विभाग 18 जुलाई से इको डेस्टिनेशन टूर शुरू करने जा रहा है. इस सीजन के लिए सात विशेष पैकेज तैयार किए गए हैं, जिनमें टूरिस्ट मेवाड़ और मारवाड़ के जंगल, झरने और वन्यजीव अभयारण्यों का आनंद ले सकेंगे. सभी यात्राएं एसी बसों से कराई जाएंगी.इन पैकेजों में गोरमघाट (2250 रुपए ), भीलबेरी वॉटरफॉल (2000 रूपए ), फुलवारी की नाल (2000 रूपए ), जयसमंद वन्यजीव अभयारण्य (1750 रुपए ), सीतामाता सेंचुरी-जाखम बांध (2250 रुपए ), बस्सी सेंचुरी-मेनाल वॉटरफॉल (2250 रुपए ) और रणकपुर-कुंभलगढ़ अभयारण्य (2750 रुपए ) शामिल हैं. अलग-अलग पैकेज में नाश्ता, लंच, डिनर, गाइड, फॉरेस्ट फीस और कुछ में ओपन जीप सफारी भी शामिल है.

उदयपुर घूमने के पहले दिन की शुरुआत सिटी पैलेस से करें, जहां करीब 2 घंटे में शाही महल और इसकी शानदार कला देखी जा सकती है. इसके बाद पिछोला झील पर बोटिंग का आनंद लें. शाम को बागोर की हवेली में ऐतिहासिक इमारत और लोक नृत्य शो देखें. दिन का अंत भगवान विष्णु को समर्पित प्रसिद्ध जगदीश मंदिर के दर्शन के साथ करें.

उदयपुर घूमने के दूसरे दिन की शुरुआत सज्जनगढ़ मानसून पैलेस से करें, जहां बारिश के मौसम में बादलों के बीच से पूरे शहर, पिछोला झील और फतेह सागर झील का शानदार नजारा दिखाई देता है. इसके बाद शिल्पग्राम जाएं, जहां राजस्थान की लोक संस्कृति, पारंपरिक हस्तशिल्प और आदिवासी लाइफस्टाइल को करीब से देखा जा सकता है. फिर फतेह सागर झील पर बोटिंग का आनंद लें, जहां मोटर बोट और स्पीड बोट की सुविधा उपलब्ध है. दिन का अंत सहेलियों की बाड़ी में करें, जो अपने सुंदर कमल ताल, संगमरमर के मंडप और आकर्षक फव्वारों के लिए मशहूर है.

इसके साथ ही दो दिन शहर के प्रमुख टूरिस्ट प्लेस की सैर करने के बाद बाकी दिनों में आप वन विभाग के इको डेस्टिनेशन टूर का हिस्सा बन सकते हैं. इन टूर पैकेजों के जरिए गोरमघाट, भीलबेरी वॉटरफॉल, फुलवारी की नाल, जयसमंद वन्य जीव अभयारण्य, सीतामाता सेंचुरी-जाखम बांध, बस्सी सेंचुरी-मेनाल वॉटरफॉल और रणकपुर-कुंभलगढ़ अभयारण्य जैसी खूबसूरत जगहों की सैर की जा सकती है. इन पैकेजों में अलग-अलग स्थानों के अनुसार एसी बस, गाइड, फॉरेस्ट फीस और खाना जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं. इस तरह एक हफ्ते में आप उदयपुर की ऐतिहासिक धरोहरों के साथ-साथ झरनों, जंगलों, झीलों और वन्यजीवों का भी शानदार एक्सपीरियंस ले सकते हैं.

अगर आप एक हफ्ते के लिए उदयपुर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो टूरिस्ट प्लेस की एंट्री फीस, बोटिंग, इको डेस्टिनेशन टूर और स्थानीय यात्रा का खर्च आपके चुने हुए पैकेज पर निर्भर करेगा. वन विभाग के इको टूर पैकेज 1750 रुपये से 2750 रुपये प्रति व्यक्ति तक उपलब्ध हैं, जबकि शहर के प्रमुख टूरिस्ट प्लेस की एंट्री फीस और बोटिंग शुल्क अलग-अलग तय हैं. सही प्लानिंग के साथ आप मानसून में उदयपुर की प्राकृतिक खूबसूरती, ऐतिहासिक धरोहर और रोमांचक सफर का भरपूर आनंद ले सकते हैं.
Published at : 06 Jul 2026 03:10 AM (IST)