असम इस समय भीषण बाढ़ की तबाही झेल रहा है. राज्य के हजारों परिवार इस आपदा से प्रभावित हुए हैं. ऐसे मुश्किल समय में बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा लोगों की मदद के लिए असम पहुंचे हैं. वो शिवसागर जिले में एनजीओ ‘ग्लोबल सिख’ की टीम के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित लोगों तक राशन, किचन का सामान, चप्पल और दूसरी जरूरी चीजें पहुंचा रहे हैं.
रणदीप हुड्डा ने शेयर किया वीडियो
रणदीप हुड्डा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में वो सिर पर पगड़ी बांधे, नाव से उतरकर घुटने भर पानी में चलते हुए बाढ़ पीड़ितों तक राशन और रसोई का सामान पहुंचाते दिख रहे हैं. उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
लोगों की मदद कर रहे रणदीप हुड्डा
ग्राउंड से अपडेट देते हुए वीडियो में रणदीप कहते हैं, ’10 दिन बाद भी यहां घुटनों से ऊपर तक पानी भरा हुआ है. अंदर बहुत सारे परिवार फंसे हुए हैं और वहां से मदद के लिए आवाजें आ रही हैं. हमारी नाव में जो सामान था, वो इस बार खत्म हो गया है, लेकिन हम दोबारा आएंगे और बाकी लोगों तक भी सामान पहुंचाएंगे.’
उन्होंने आगे कहा, ‘हम अपने साथ किचन का सामान, चप्पल और रोजमर्रा की जरूरत का सामान लेकर आए हैं. राशन काफी लोगों तक पहुंच चुका है. हमारी टीम ने उन लोगों की पहचान कर ली है, जो खुद यहां तक नहीं आ सकते. इसलिए हम उनके घर तक सामान पहुंचाने जा रहे हैं.’
ये भी पढ़ें:-Alpha Worldwide Closing Collection: आलिया भट्ट की ‘अल्फा’ का नहीं चला जादू, जानें-वर्ल्डवाइड कितना रहा फाइनल कलेक्शन
रणदीप हुड्डा ने की लोगों से मदद करने की अपील
रणदीप ने पोस्ट के कैप्शन में भी लोगों से अपील की है कि वो असम के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं. उन्होंने लिखा, ‘असम इस समय भीषण बाढ़ से जूझ रहा है. हजारों परिवारों को मदद की जरूरत है. आपका छोटा-सा सहयोग भी किसी की जिंदगी आसान बना सकता है. आइए, मिलकर इस मुश्किल समय में असम के लोगों का साथ दें.’
सरकार ने कई राहत शिविर
बता दें कि 19 जुलाई से शुरू हुई बाढ़ ने असम के कई जिलों में भारी नुकसान पहुंचाया है. शिवसागर सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल है. इसके अलावा चराइदेव और जोरहाट में भी बड़ी संख्या में लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. हजारों हेक्टेयर खेती की जमीन पानी में डूबी हुई है और कई परिवार अब भी राहत का इंतजार कर रहे हैं. राज्य सरकार ने प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर बनाए हैं और कई जगहों पर राहत सामग्री बांटी जा रही है.
ये भी पढ़ेंः Batwara 1947 : प्रीति जिंटा ने बिखेरा जलवा, ब्लू सूट में छाईं ‘डिंपल गर्ल’, सनी देओल का भी दिखा दमदार अंदाज