रामायण पर बड़े और छोटे पर्दे के लिए अब तक कई फिल्में और शोज बन चुके हैं. इनमें कुछ को दर्शकों का खूब प्यार मिला, तो कुछ विवादों में भी घिर गए. साल 2024 में रिलीज हुई ‘आदिपुरुष’ भी ऐसी ही फिल्मों में शामिल रही, जिसे दर्शकों और आलोचकों दोनों ने नकार दिया. अब नितेश तिवारी की ‘रामायण’ की रिलीज से पहले दोनों फिल्मों की तुलना हो रही है. इस बीच ‘आदिपुरुष’ के डायलॉग राइटर मनोज मुंतशिर ने लोगों से दोनों फिल्मों की तुलना न करने की अपील की है. आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा.
राइटर मनोज मुंतशिर ने की यश की तारीफ
हाल ही में मुंबई में मीडिया से बात करते हुए राइटर मनोज मुंतशिर ने नितेश तिवारी की ‘रामायण’ के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने यश की तारीफ करते हुए कहा, ‘यश बहुत अच्छे एक्टर हैं, इसमें कोई शक नहीं है. हमारी कहानी को दुनिया तक पहुंचाने वाली हर फिल्म को मेरी शुभकामनाएं हैं. मैं दिल से चाहता हूं कि ‘रामायण’ बड़ी सफलता हासिल करे.’

ये भी पढ़ेंः ‘अपना इमोशनल साइड नहीं दिखाना चाहता था’, ‘लॉक अप 2’ से एविक्शन के बाद बोले हर्षद चोपड़ा
‘रामायण’ और ‘आदिपुरुष’ की तुलना कही ये बात
‘रामायण’ और ‘आदिपुरुष’ की तुलना पर मनोज ने कहा, ‘दोनों फिल्मों की तुलना नहीं करनी चाहिए. ये मानने में कोई शर्म नहीं है कि ‘आदिपुरुष’ लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई. फिल्म से जुड़े सभी लोगों ने पूरी मेहनत की थी, लेकिन ये कोशिश सफल नहीं रही. हालांकि, मुझे गर्व है कि ‘आदिपुरुष’ का संगीत लोगों को बहुत पसंद आया. उम्मीद है कि ‘रामायण’ का संगीत भी लोगों के दिलों तक पहुंचे और उससे भी बड़ी सफलता हासिल करे.’

‘आदिपुरुष’ नहीं दिखा पाई कमाल
बता दें, ओम राउत के निर्देशन में बनी फिल्म ‘आदिपुरुष’ में प्रभास ने भगवान राम, कृति सेनन ने माता सीता और सैफ अली खान ने रावण का किरदार निभाया था. भारी बजट में बनी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी. फिल्म के डायलॉग और भगवान राम व रावण के कैरेक्टर को लेकर काफी विवाद हुआ, जिसके बाद इसे दर्शकों की आलोचना का सामना करना पड़ा.
रिलीज हो चुका रामायण का ट्रेलर
वहीं, नितेश तिवारी की ‘रामायण’ की बात करें, इसका ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है. ट्रेलर में सबसे पहले यश रावण के रूप में नजर आते हैं. इसके बाद रणबीर कपूर भगवान राम, अरुण गोविल राजा दशरथ और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में दिखाई देते हैं. ट्रेलर में राम-सीता के विवाह की झलक भी देखने को मिलती है, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आते हैं. वहीं रकुल प्रीत सिंह भी शूर्पनखा के किरदार में नजर आईं.
कब रिलीज होगी फिल्म?
इस फिल्म में सनी देओल भी भगवान हनुमान के रोल में नजर आएंगे. इसका म्यूजिक हंस जिमर और ए.आर. रहमान ने तैयार किया है. ‘रामायण: पार्ट 1’ के 2026 की दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है, जबकि ‘रामायण: पार्ट 2’ के 2027 की दिवाली पर आ सकता है.
ये भी पढ़ेंः Kajol Birthday: जब स्कूल से भाग गई थीं काजोल, पहली मुलाकात में पसंद नहीं आए थे शाहरुख, करण का भी उड़ाया था मजाक