बॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेस यामी गौतम अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में रहती हैं. अब एक्ट्रेस एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं. उन्होंने हाल ही में अपने करियर को लेकर बड़ा खुलासा किया है. यामी ने बताया कि साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ मिलने से पहले उन्होंने बॉलीवुड छोड़ने का मन बना लिया था. चलिए जानते हैं उन्होंने क्या कहा.
‘विकी डोनर’ के बाद नहीं मिले अच्छे रोल्स
फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में यामी ने बताया कि साल 2012 में फिल्म ‘विकी डोनर’ से डेब्यू करने के बाद भी उन्हें कई सालों तक अच्छे रोल्स नहीं मिल रहे थे, जिससे निराश होकर उन्होंने हिमाचल प्रदेश वापस लौटने की तैयारी कर ली थी. उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में लोग उन्हें बाकी हीरोइन की तरह नहीं देखते थे और इसका असर उनके करियर पर पड़ा.

‘बॉलीवुड छोड़ने का मन बना लिया था’
यामी ने कहा, ‘उरी और बाला से ठीक पहले मैंने बॉलीवुड छोड़ने का मन बना लिया था. मैंने सोच लिया था कि मैं हिमाचल लौट जाऊंगी. वहां हमारी खेती की जमीन है और मैं वहीं नई जिंदगी शुरू करूंगी. मेरे माता-पिता ने भी मेरा पूरा साथ दिया और कहा कि घर वापस आ जाओ, लेकिन जैसे ही मैंने इंडस्ट्री को लेकर डर छोड़ दिया, सब कुछ बदल गया. ‘उरी’ और ‘बाला’ मिलीं और मेरी जिंदगी रातों-रात बदल गई.’

यह भी पढ़ें: 162 करोड़ के पार ‘जन नायकन’, तोड़ा ‘करुप्पू’ समेत इन फिल्मों का रिकॉर्ड
स्टार किड्स को लेकर भी कही बड़ी बात
यामी गौतम ने इंडस्ट्री में एक आउटसाइडर होने के अपने एक्सपीरियंस भी शेयर किए. उन्होंने कहा कि स्टार किड्स को बार-बार मौके मिल जाते हैं, जबकि बाहर से आने वाले कलाकारों को एक अच्छा मौका पाने के लिए भी लंबा स्ट्रगल करना पड़ता है.

हर बार खुद को साबित करना था…
एक्ट्रेस ने कहा, ‘मुश्किल सिर्फ आउटसाइडर होना नहीं था, बल्कि हर बार खुद को साबित करना था. कई बार लगता था कि मैं किसी रोल के लिए पूरी तरह तैयार हूं, लेकिन वही मौके किसी और को बार-बार मिल जाते थे, क्योंकि वो पहले से इंडस्ट्री का हिस्सा था. उस समय यही सबसे ज्यादा निराश करता था.’

फेवरिटिज्म ने पहुंचाई ठेस…
इंटरव्यू में यामी ने खुलासा किया कि इंडस्ट्री में उन्होंने पक्षपात (फेवरिटिज्म) का सामना किया, जिससे उन्हें काफी ठेस पहुंची. उन्होंने बताया कि कई बार फिल्मों को लेकर बातचीत अचानक बंद हो जाती थी और बिना किसी वजह के उनके हाथ से मौके निकल जाते थे. हालांकि, यामी का मानना है कि अब समय के साथ चीजें काफी बदल चुकी हैं. उन्होंने कहा, ‘आज के दर्शकों को इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि आप कहां से आए हैं. वो सिर्फ ये देखते हैं कि आप एक्टर कैसे हैं और क्या आपकी फिल्म देखने लायक है. दर्शकों का ये भरोसा आने वाली पीढ़ी के लिए एक बहुत बड़ी उम्मीद है.’
पिछली बार इस फिल्म में दिखी थीं यामी गौतम
वर्क फ्रंट की बात करें तो यामी गौतम आखिरी बार इमरान हाशमी के साथ फिल्म ‘हक’ में नजर आई थीं. ये फिल्म 7 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी. इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं. इसके बाद हाल ही में यामी ने ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर 2’ में एक कैमियो किया, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया.

ये है यामी गौतम की अपकमिंग फिल्म
अब यामी गौतम जल्द ही फिल्म ‘नई नवेली’ में नजर आएंगी. ये एक हॉरर कॉमेडी फिल्म है, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. ये फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी. फिलहाल इसकी रिलीज डेट अनाउंस नहीं हुई है.
‘आर्टिकल 370’ के लिए यामी गौतम को मिला नेशनल अवॉर्ड
बता दें कि हाल ही में यामी गौतम की फिल्म ‘आर्टिकल 370’ को 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट फीचर फिल्म का सम्मान मिला. वहीं, इस फिल्म में शानदार अभिनय के लिए यामी गौतम को बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड दिया गया. इस बड़ी उपलब्धि के बाद यामी ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया. उन्होंने लिखा कि ये उनके लिए बेहद खास पल है और ये सपना उन्होंने सालों से अपने दिल में संभालकर रखा था. यामी ने इस सम्मान के लिए अपनी पूरी टीम, परिवार और दर्शकों का शुक्रिया अदा किया.
यह भी पढ़ें: वीकेंड पर फ्री में देख डालिए प्राइम वीडियो की टॉप 7 सीरीज, देखिए लिस्ट