अहमद खान की स्टार-स्टडेड एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म कर रही है. इसमें अक्षय कुमार, रवीना टंडन, सुनील शेट्टी और परेश रावल जैसे कई बड़े कलाकार ने अपनी अदाकारी का तड़का लगाया है. इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत रही सालों बाद पर्दे पर अक्षय कुमार और रवीना टंडन की आइकॉनिक जोड़ी की वापसी. हाल ही में अहमद खान ने बताया कि आखिर कैसे उन्होंने इन दोनों पुराने दोस्तों को एक साथ स्क्रीन शेयर करने के लिए मनाया.
अब तो साथ काम करना ही था…
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, अहमद खान ने बताया कि फिल्म में एक दमदार गांव की महिला का किरदार था, जिसके लिए उनके दिमाग में सिर्फ रवीना टंडन का नाम था. अहमद ने कहा, ‘अक्षय कुमार शुरू से ही इस फिल्म का हिस्सा थे. जब रवीना के किरदार की बात आई, तो मैंने उनसे कहा कि आपने और अक्षय ने सालों से कोई फिल्म साथ में नहीं की है. वो दोनों ही मेरे बहुत करीबी दोस्त हैं.’

उन्होंने आगे कहा, ‘मेरी बात सुनकर दोनों ने सोचा कि अब जिंदगी में सब इतने आगे बढ़ चुके हैं कि कभी न कभी तो साथ में कुछ करना ही था. दर्शकों की खुशी और उनके मनोरंजन के लिए दोनों तुरंत मान गए. उन्होंने फिल्म की कहानी की डिमांड के हिसाब से काम किया, लेकिन दर्शकों ने पर्दे पर उनकी केमिस्ट्री को अपने तरीके से पसंद किया.’

ये भी पढ़ें:- Rani Swarnkar: रातों-रात सुर्खियों में आईं रानी स्वर्णकार, जानिए कौन हैं वो हसीना, जिन पर गोविंदा ने खेला है बड़ा दांव
एक साथ 30 कलाकारों को संभालना था बड़ी चुनौती
इस फिल्म में 30 से ज्यादा बड़े एक्टर्स की फौज है. हर कलाकार को स्क्रीन पर सही जगह देना आसान नहीं था. इस पर अहमद खान ने बताया कि उन्होंने सबको अलग-अलग ग्रुप्स में बांट दिया था, जैसे एक्टर्स, क्रू, गांव वाले और विलेन. अहमद ने कहा, ‘मैंने किसी को अकेले सीन नहीं दिए. हर सीन में लगभग सभी कलाकार मौजूद रहते थे और एक ही सिचुएशन पर रिएक्ट करते थे, जिससे कोई भी खुद को छोटा या अलग-थलग महसूस न करे.’
अनीस बज्मी से कैसे अलग है अहमद खान की ‘वेलकम’?
‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की पुरानी फिल्मों का निर्देशन अनीस बज्मी ने किया था. अहमद खान ने इस जिम्मेदारी को निभाने और फिल्म को अपना स्टाइल देने पर बात करते हुए कहा, ‘अनीस भाई का ह्यूमर का अंदाज बहुत अलग है. वो राइटर हैं, मैं नहीं. उनका ह्यूमर उनकी कलम से शुरू होता है, जबकि मेरा सीधे कैमरे पर आता है. ‘वेलकम’ हमेशा दुबई, ब्लैक सूट और ग्लैमर के लिए जानी जाती थी. मैंने इसका पूरा लुक बदल दिया और न्यूट्रल रखा. मैंने सभी को एक जैसी यूनिफ़ॉर्म पहनाई, ताकि कोई ऊंच-नीच न दिखे. मैंने इसे सेपिया टोन दिया, जो आम तौर पर शोर-शराबे और रंगों से भरी कॉमेडी फ़िल्मों से काफी अलग है. मैंने एक बहुत गंभीर दिखने वाली कॉमेडी फिल्म बनाई. इसमें मेरे अंदर का एक्शन डायरेक्टर भी थोड़ा बाहर आ गया.’
हमने 5 से 95 साल की उम्र के दर्शकों को ध्यान में रखा
जब अहमद से पूछा गया कि दूसरी फिल्मों की तुलना में इस फिल्म में क्या खास बात थी, तो उन्होंने कहा, ‘लोगों को हंसाना सबसे मुश्किल कामों में से एक है क्योंकि कॉमेडी के मामले में हर किसी की पसंद अलग-अलग होती है. हमने बस एक बात का ध्यान रखा कि हम अश्लीलता में नहीं पड़ेंगे, न ही अपमानजनक मजाक करेंगे और न ही स्लैपस्टिक कॉमेडी करेंगे. हमने 5 से 95 साल की उम्र के दर्शकों को ध्यान में रखा और ये हमारे लिए काम कर गया.’
‘वेलकम 4’ पर लगी मुहर
बता दें कि ‘वेलकम टू द जंगल’ की सक्सेक के बाद मेकर्स ने इसके अगले सीक्वल यानी ‘वेलकम 4’ को हरी झंडी दिखा दी है. डायरेक्टर अहमद खान ने इस सुपरहिट फ्रेंचाइजी के चौथे पार्ट को कंफर्म कर दिया है. फिल्म के डायरेक्टर अहमद खान ही होंगे.
ये भी पढ़ें:-‘तारक मेहता’ में नहीं कटेगा ‘जेठालाल’ का रोल, दिलीप जोशी के एग्जिट पर मेकर्स ने दी सफाई, बताया सारा सच