फ्लाइट में शाहरुख खान को देखकर कैसा था हिना खान का रिएक्शन?

9b0a81a59b5af67cee10866c6bdaa54817875728158461296 original


बॉलीवुड के किंग यानी शाहरुख खान के करोड़ों चाहने वाले हैं. कई लोग शाहरुख संग अपनी पहली मुलाकात के किस्से शेयर कर चुके हैं. हाल ही में टीवी स्टार्स हिना खान और अभिनव शुक्ला ने भी शाहरुख के साथ पहली मुलाकात को याद किया और बताया कि थके होने के बावजूद सुपरस्टार ने उनसे बेहद गर्मजोशी और प्यार से बात की.

फ्लाइट में हुई थी शाहरुख खान संग पहली मुलाकात
रुबीना दिलैक और अभिनव शुक्ला के पॉडकास्ट POV में रॉकी जायसवाल से बातचीत के दौरान हिना खान ने शाहरुख खान से अपनी पहली मुलाकात का किस्सा सुनाया. हिना ने बताया कि एक फ्लाइट में उनकी सीट शाहरुख खान के पास थी.

हिना ने कहा, ‘पहली बार मैं शाहरूख खान से फ्लाइट में मिली थी. ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ शुरू हुए करीब डेढ़ साल ही हुआ था और मैं इंडस्ट्री में बिल्कुल नई थी. मैंने देखा कि वो मेरे बगल में बैठे हैं. मैंने गहरी सांस ली और दोबारा देखा, तो वो सो रहे थे. मुझे यकीन ही नहीं हुआ. मैं उनके साथ फोटो लेना चाहती थी, लेकिन वो उठ ही नहीं रहे थे. किसी तरह वो कॉफी के लिए उठे.’

ये भी पढ़ेंः क्यों बंद हुआ था सीआईडी शो? ‘दया’ ने सालों बाद बता दी असल वजह

हिना ने बताया कि शाहरुख खान ने उनसे फोटो के लिए हां तो कर दी थी, लेकिन वो इतने थके हुए थे कि कॉफी पीने के बाद दोबारा सो गए. हिना काफी देर तक उनके जागने का इंतजार करती रहीं.

फोटो के लिए हिना ने घंटों किया इंतजार
उन्होंने कहा, ‘मैंने उन्हें हाथ हिलाकर हाय किया और फोटो के लिए पूछा. उन्होंने कहा, ‘रुको, मैं तुम्हारे साथ फोटो लूंगा.’ उन्होंने कॉफी पी और फिर सो गए. मैं इंतजार करती रही. फ्लाइट लैंड होने के बाद मुझे लगा कि अब फोटो नहीं हो पाएगी, लेकिन वो खुद उठे, मुझे बुलाया और मेरे साथ फोटो क्लिक करवाई. बाद में हम एक ही कोच में भी थे. वो सबसे पीछे वाली सीट पर जाकर सो गए. उस वक्त वो अपनी किसी फिल्म का प्रमोशन कर रहे थे और कई दिनों से सोए नहीं थे.’

अभिनव शुक्ला ने भी सुनाया किस्सा
अभिनव शुक्ला ने भी शाहरुख खान से अपनी पहली मुलाकात को याद किया. उन्होंने बताया कि जब वो पंजाब से मुंबई आए थे और मॉडलिंग कर रहे थे, तब एक वॉच ब्रांड के रैंप शो के दौरान उनकी पहली बार शाहरुख से मुलाकात हुई.

अभिनव ने कहा, ‘हम बैकस्टेज थे और तभी शाहरुख खान वहां आए. उन्हें पहली बार देखकर मैंने सोचा कि जाकर हाथ मिलाता हूं. वह अपने मैनेजर से बात कर रहे थे, फिर उन्होंने मुझे देखा, उठे और मुझसे हाथ मिलाया.’

रुबिना दिलैक ने कहा, ‘मुझे उनकी एक बात बहुत अच्छी लगती है, वो जब भी किसी से मिलते है, वो खुद से कहते हैं हेलो मैं शाहरूख खान हूं.’

शाहरुख की अगली फिल्म ‘किंग’
शाहरुख खान जल्द ही सिद्धार्थ आनंद की एक्शन थ्रिलर ‘किंग’ में नजर आएंगे. फिल्म में उनकी बेटी सुहाना खान भी हैं और ये पहली बार होगा जब दोनों स्क्रीन पर साथ दिखाई देंगे. फिल्म में दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी जैसे कई कलाकार भी दिखाई देगें. फिल्म इस साल के आखिरी में रिलीज होगी.

ये भी पढ़ेंः सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ देख इंप्रेस हुए सलमान खान, फोन पर की तारीफ



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *