घर पर बनाएं बनारस की खास खस्ता कचौड़ी, आ जाएगा स्वाद

f035ec43c06ee990a31c04a49ff01a0d17888453806831471 original


बनारस का नाम आते ही वहां के स्वादिष्ट और चटपटे खाने की याद आ जाती है और यहां की कचौड़ी तो सुनके ही मुंह में पानी आ जाता है. और यहां की कचौड़ी काफी पसंद भी की जाती है. बाहर से कुरकुरी कचौड़ी और अंदर से मसालेदार भरावन वाली खस्ता कचौड़ी सुबह के नाश्ते या शाम की चाय के साथ खाने में मजा ही कुछ और है. अगर आपको भी बनारस की कचौड़ी का स्वाद पसंद है तो इसे घर पर बनाना काफी आसान है. बस आटा गूंथते समय और कचौड़ी तलते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है.आइए जानते हैं की आखिर घर पर कैसे बनाते है बनारस खास खस्ता कचौड़ी.

खस्ता कचौड़ी बनाने के लिए सामग्री

बनारसी खस्ता कचौड़ी बनाने के लिए सबसे पहले इसकी सामग्री तैयार कर लें. इसके लिए मैदा, मूंग या उड़द की दाल, तेल या घी, नमक, हींग, जीरा, सौंफ, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, अमचूर और थोड़ा गरम मसाला चाहिए. आटा गूंथने से पहले उसमे मोईन डालने के लिए थोड़ा तेल या घी और फिर गूंथने के लिए पानी. कचौड़ियां  को तलने के लिए पर्याप्त तेल. अगर आपको कचौड़ी का स्वाद थोड़ा ज्यादा चटपटा पसंद है तो उसके मसालें में थोड़ी कसूरी मेथी भी डाल सकते हैं.

सबसे पहले तैयार करें मसालेदार भरावन

सबसे पहले उड़द या मूंग की दाल को कुछ घंटे के लिए पानी में भिगो दें. इसके बाद पानी निकालकर दाल को पीस ले ध्यान रखें की दाल पूरी तरह छोटी ना हो जाएं. अब कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें जीरा, सौंफ और हींग डालें. इसके बाद पिसी हुई दाल डालकर इसे अच्छी तरह भूनें. इसमें नमक, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, अमचूर और गरम मसाला डालकर मिलाएं. भरावन को तब तक पकाएं, जब तक इसका पानी पूरी तरह सूख न जाए. इसके बाद इसे ठंडा होने के लिए रख दें.

यह भी पढ़ें : घर पर कैसे बनाएं दिल्ली की मशहूर दौलत की चाट- ये है आसान रेसिपी

आटा गूंथते समय रखें खास ध्यान

अब कचौड़ी के लिए आटा तैयार करें. एक बड़े बर्तन में मैदा लें और इसमें थोड़ा नमक डालें. इसके बाद मोईन के लिए तेल या घी डालकर दोनों हाथों से अच्छी तरह मिलाएं. इसे इतना मिलाएं कि मैदा हाथ में दबाने पर हल्का लड्डू जैसा बंधने लगे. अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें. आटा न बहुत सख्त होना चाहिए और न ही बहुत ज्यादा नरम. अब इसे ढककर करीब 15 से 20 मिनट के लिए रख दें, इससे कचौड़ी बेलने में आसानी होगी.

कचौड़ी में भरें तैयार मसाला

आटा सेट होने के बाद इसकी छोटी-छोटी लोइयां बना लें. एक लोई को हाथ से थोड़ा फैलाएं और बीच में तैयार दाल की भरावन को भरें. अब किनारों को उठाकर मसाले को अच्छी तरह अंदर बंद कर दें. इसके बाद इसे हल्के हाथों से दबाकर कचौड़ी का आकार दें. कचौड़ी को बहुत पतला न करें, क्योंकि थोड़ी मोटी कचौड़ी ही तलने के बाद बाहर से खस्ता और अंदर से अच्छी बनती है. इसी तरह सारी कचौड़ियां तैयार कर लें.

धीमी आंच पर तलें कचौड़ी

अब कड़ाही में पर्याप्त तेल गर्म करें. तेल बहुत ज्यादा तेज गर्म न हो, वरना कचौड़ी ऊपर से जल्दी सुनहरी हो जाएगी लेकिन अंदर से ठीक से नहीं सिकेगी. कचौड़ियों को धीरे से तेल में डालें और धीमी आंच पर तलें. बीच-बीच में इन्हें पलटते रहें, ताकि दोनों तरफ से एक जैसा रंग आए और कचौड़ी अच्छी तरह कुरकुरी हो जाए. सुनहरी और खस्ता होने के बाद इन्हें निकालकर गरम आलू की सब्जी, हरी चटनी और अचार के साथ सर्व करें.

यह भी पढ़ें : वड़ा पाव के लिए घर में ही तैयार करें पाव, स्वाद के साथ मिलेगी सेहत



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *