गुजरात राज्य में शराब पर बैन लगा है, लेकिन फिर भी यहां का एक शहर ऐसा है जहां पर शराब की ताबड़तोड़ बिक्री हो रही है. हम बात कर रहे हैं गुजरात की GIFT (गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी) सिटी के बारे में, जहां पिछले एक सालों में शराब की बिक्री 15 गुना ज्यादा बढ़ गई है. हाल ही में इसे लेकर सरकार ने आंकड़े भी शेयर किए हैं.
दरअसल गुजरात की GIFT सिटी में शराब की बिक्री पिछले एक साल में तेजी से बढ़ी है. राज्य सरकार के मुताबिक, अगस्त 2024 से जुलाई 2026 के बीच यहां कुल 60,354 लीटर से ज्यादा भारतीय निर्मित विदेशी शराब (IMFL) की बिक्री हुई. जिससे गुजरात सरकार को करीब 87.39 लाख रुपये का राजस्व भी मिला है.
ये भी पढ़ें: अब मेहंदी लगाने की भी गई नौकरी, हथेली पर मशीनें बनाएंगी डिजाइन, देखें वीडियो
एक साल तेज हुई बिक्री
हाल ही में जारी किए गए सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2024 से जुलाई 2025 के बीच GIFT सिटी में सिर्फ 3,716 लीटर शराब बिकी थी. लेकिन अगस्त 2025 से जुलाई 2026 के बीच ये बिक्री बढ़कर 56,638 लीटर हो गई. इसका मतलब है कि पिछले एक साल में शराब की बिक्री 15 गुना से भी ज्यादा बढ़ गई है.
दो साल में कितनी हुई बिक्री?
GIFT सिटी में पिछले दो सालों में भी ताबड़तोड़ शराब की बिक्री हुई है. साल 2024 से 2025 के बीच करीब 3,716 लीटर शराब बिकी थी. तो वहीं साल 2025 से 2026 के बीच 56,638 लीटर शराब बिकी. इन दो सालों का आंकड़ा मिलाकर कुल 60,354 लीटर होता है. इसका मतलब है कि दो सालों में करीब 60 हजार लीटर से भी ज्यादा शराब की बिक्री हुई है.
सिर्फ GIFT सिटी में है शराब की अनुमति
GIFT सिटी को इंटरनेशनल लेवल के वित्तीय और टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित किया जा रहा है. सरकार का कहना था कि यहां देश-विदेश की कंपनियां, निवेशक और तकनीकी विशेषज्ञ काम करते हैं. इसलिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर का कारोबारी माहौल उपलब्ध कराने के लिए कुछ जगहों पर वाइन एंड डाइन की सुविधा जरूरी है. इसलिए ही शहर में शराब की बिक्री चालू है, जबकि पूरे राज्य में शराबबंदी लागू की गई है.
ये भी पढ़ें: अंडा, चिकन और दूध क्यों हो रहे महंगे, जेब पर भारी दामों की असली वजह क्या?
बता दें कि गुजरात में लंबे समय से शराबबंदी लागू है. शराब का बनाना, रखना, बेचना और पीना राज्य में प्रतिबंधित है. लेकिन दिसंबर 2023 में गुजरात सरकार ने GIFT सिटी के लिए शराबबंदी के नियमों में विशेष छूट दी गई है.