- योग्य विश्वविद्यालयों को UGC वित्तीय सहायता भी प्रदान करता है.
अगर आप कॉलेज या यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं या आगे उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे हैं, तो UGC का नाम आपने जरूर सुना होगा. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि यह संस्था आखिर काम कैसे करती है, इसके पास क्या अधिकार हैं और यह देश के हजारों कॉलेजों और विश्वविद्यालयों पर कैसे नजर रखती है. आज बताते हैं, भारत की उच्च शिक्षा व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण संस्थाओं में से एक UGC की पूरी कहानी.
UGC भारत सरकार की एक वैधानिक संस्था है. इसकी शुरुआत 1953 में हुई थी और 1956 में संसद के एक कानून के तहत इसे कानूनी दर्जा मिला. इसका मुख्य काम देश में विश्वविद्यालय शिक्षा के स्तर को बनाए रखना और उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए नियम तय करना है. UGC भारत की उच्च शिक्षा व्यवस्था का रेगुलेटर है. जिस तरह स्कूल शिक्षा में अलग-अलग बोर्ड होते हैं, उसी तरह कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर की शिक्षा की निगरानी UGC करता है.
UGC कैसे काम करता है?
UGC सीधे कॉलेजों में जाकर पढ़ाई नहीं कराता, बल्कि नियम और मानक तय करता है. यह संस्था यह सुनिश्चित करती है कि विश्वविद्यालयों में पढ़ाई, परीक्षा, रिसर्च और शिक्षण का स्तर तय मानकों के अनुरूप हो.UGC समय-समय पर नई गाइडलाइन जारी करता है. विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को इन नियमों का पालन करना होता है. यदि कोई संस्थान नियमों का पालन नहीं करता, तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है.
विश्वविद्यालयों को मान्यता कैसे मिलती है?
किसी भी विश्वविद्यालय के लिए UGC की मान्यता बेहद जरूरी होती है. जब कोई नया विश्वविद्यालय शुरू होता है, तो उसे यह साबित करना पड़ता है कि उसके पास योग्य शिक्षक, पर्याप्त संसाधन, लाइब्रेरी, लैब और अन्य जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं. UGC इन सभी पहलुओं की जांच करता है. मान्यता मिलने के बाद भी संस्थानों की निगरानी जारी रहती है. यही वजह है कि छात्रों को हमेशा UGC से मान्यता प्राप्त संस्थानों में ही दाखिला लेने की सलाह दी जाती है.
यह भी पढ़ें – भारत में खुलेंगे तीन और विदेशी विश्वविद्यालयों के कैंपस, मुंबई और बेंगलुरु में 2026 से शुरू होगा दाखिला
फर्जी विश्वविद्यालयों पर कैसे कार्रवाई करता है UGC?
हर साल कुछ संस्थान खुद को विश्वविद्यालय बताकर छात्रों को गुमराह करने की कोशिश करते हैं.ऐसे मामलों में UGC जांच करता है और फर्जी संस्थानों की सूची जारी करता है. 2026 में भी UGC ने देशभर में कई फर्जी विश्वविद्यालयों की पहचान कर छात्रों और अभिभावकों को सतर्क किया था. ऐसे संस्थानों की डिग्री नौकरी और उच्च शिक्षा के लिए मान्य नहीं होती.
विश्वविद्यालयों को फंड भी देता है UGC
UGC का एक बड़ा काम विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को वित्तीय सहायता देना भी है. कई सरकारी विश्वविद्यालयों और शोध परियोजनाओं को अनुदान देने का काम UGC करता है.हालांकि केवल वही संस्थान इस सहायता के पात्र होते हैं जो UGC के निर्धारित मानकों को पूरा करते हैं.
वर्तमान में UGC का नेतृत्व कौन कर रहा है?
वर्तमान में UGC (University Grants Commission) के चेयरपर्सन का अतिरिक्त प्रभार विनीत जोशी के पास है.वे 1992 बैच के IAS अधिकारी हैं और शिक्षा क्षेत्र में लंबे प्रशासनिक अनुभव के लिए जाने जाते हैं. इससे पहले वे CBSE के चेयरमैन और NTA के महानिदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य कर चुके हैं. खास बात यह है कि विनीत जोशी एक शिक्षाविद नहीं बल्कि एक वरिष्ठ ब्यूरोक्रेट हैं. हालांकि UGC के कई पूर्व अध्यक्ष शिक्षा और शोध क्षेत्र से जुड़े एकेडमिशियन रहे हैं, लेकिन वर्तमान में इस महत्वपूर्ण संस्था की जिम्मेदारी एक अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी संभाल रहे हैं, जो देश की उच्च शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न नीतिगत और प्रशासनिक कार्यों की निगरानी कर रहे हैं. पूर्व चेयरमैन एम जगदीश कुमार उच्च शिक्षा क्षेत्र का एक जाना-पहचाना नाम रहे हैं. वे पहले जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के कुलपति भी रह चुके हैं.
यह भी पढ़ें – NMC में स्टाफ की भारी कमी, पारदर्शिता पर सवाल और भ्रष्टाचार के आरोप; मेडिकल छात्रों को भुगतना पड़ रहा खामियाजा
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI