बेटे आर्थर के 9वें जन्मदिन पर भावुक हुईं सेलिना जेटली, बोलीं- काश गले लगा पाती

98e3e099f5aedd355b553ea4b0ce818a17890424887061480 original


अभिनेत्री सेलिना जेटली ने गुरुवार को बेटे आर्थर के जन्मदिन पर उसे विश किया. अभिनेत्री ने बेटे को याद करते हुए बताया कि वो आज के दिन बेटे आर्थर को याद तो कर रही हैं, लेकिन हर रोज वो अपने तीनों बच्चों से मिलने के लिए तरसती हैं.

सेलिना जेटली के तीन बेटे हैं, जिनके नाम विंस्टन, विराज और आर्थर हैं. विंस्टन हाग और विराज हाग जुड़वां बेटे हुए थे. वहीं, आर्थर हाग और शमशेर जुड़वा हुए थे, लेकिन जन्म के तुरंत बाद वर्ष 2017 में शमशेर का दिल की बीमारी के कारण निधन हो गया था.

आर्थर को याद कर भावुक हुईं सेलिना

अभिनेत्री सेलिना जेटली ने इंस्टाग्राम पर अपने तीनों बच्चों के साथ तस्वीर पोस्ट कर लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो, मेरे प्यारे आर्थर. मम्मी आपको बहुत ज्यादा प्यार करती है. काश आज मैं तुम्हें गले लगा पाती, तुम्हारे पसंदीदा पानी पूरी बना पाती. मैं ये तस्वीरें इसलिए शेयर कर रही हूं ताकि उस प्यार को याद किया जाए जिसके साथ तुम इस दुनिया में आए थे.”

अभिनेत्री ने लिखा, “जब से तुम और तुम्हारे भाई पैदा हुए हो, मेरी सबसे बड़ी खुशी दिन-रात तुम तीनों को समय देना और तुम्हारी देखभाल करना रही है. आर्थु, जब तुम बिल्कुल छोटे थे तब तुमसे दूर रहना मेरे लिए बहुत मुश्किल था. मैं तुम्हारी नानी की देखभाल के लिए गई थी, जो कैंसर की आखिरी स्टेज में थीं. मैंने तुम्हें छोड़ा नहीं था, मेरे बच्चे. मेरा प्यार हर पल तुम्हारे साथ था. मुझे याद है तुम्हारे नाना के अंतिम संस्कार में मैंने अपने आंसू रोकने की कोशिश की थी, तब तुम और शमशेर मेरे पेट में थे.

मैं बस तुम्हें सुरक्षित रखना चाहती थी. तुम्हारा मेरे बगल में आराम से सोना, मेरे बाल पकड़कर सोना, 11 अक्टूबर 2025 को ऑस्ट्रिया छोड़ने तक की सारी यादें मेरे दिल में हैं.”

ये भी पढ़ें:-बॉक्स ऑफिस की गद्दी पर ‘मिर्जापुर द मूवी’ का कब्जा, 6ठे दिन ‘वेलकम टू द जंगल’ के उड़ाए परखच्चे

बच्चों से मिलने के लिए तरसती हैं सेलिना

अभिनेत्री ने बताया कि बच्चों की देखभाल करना उनकी जिंदगी के सबसे अनमोल पलों में से एक है. उन्होंने लिखा, “मैं रोज तुम्हारे पापा को लिखती हूं कि मुझे तुम तीनों से बात करने दो, लेकिन कोई जवाब नहीं आता. तुम्हारी आवाज सुनने के लिए, तुम्हारा दिन कैसा रहा ये जानने के लिए मैं बहुत तरसती हूं. ये सब बड़ों को मिलकर ठीक करना है. तुम्हें कुछ भी ठीक करने की जरूरत नहीं है, मेरे बच्चे.”

बच्चों से दूर रहने का दर्द

अभिनेत्री का कहना है कि विंस्टन, विराज आर्थर (सेलिना जेटली के बच्चे) ही उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी हैं. उन्होंने लिखा, “तुम्हारी मां होना मेरे लिए किसी भी नाम या कामयाबी से बढ़कर है. मैंने ये दूरी कभी नहीं चाही थी. मैंने कई साल तक हम सबको साथ रखने की बहुत कोशिश की. इसमें तुम्हारी कोई गलती नहीं है. तुम्हें कभी मम्मी और पापा में से किसी एक को नहीं चुनना है. तुम्हें अपने माता-पिता से खुलकर प्यार करने का पूरा हक है.”

उन्होंने अपनी बात को खत्म करते हुए लिखा, “तुम बस एक बार कह दो, मैं भाग कर तुम तीनों के पास आ जाऊंगी. मुझे उम्मीद है कि आज तुम अपने भाई शमशेर की कब्र पर जाओगे, जैसे हम हमेशा जाते थे और याद रखोगे कि वो हमेशा तुम्हारा ख्याल रख रहा है. मैं मां बगलामुखी से प्रार्थना करती हूं कि वो तुम्हें आशीर्वाद दें. जन्मदिन मुबारक हो, मेरे प्यारे आर्थु. मम्मी तुमसे, विंस्टन और विराज से चांद तक और उससे भी ज्यादा प्यार करती है. ये प्यार हमेशा तुम्हारा है.”

ये भी पढ़ें:-मनोज तिवारी की बेटी रीति नहीं करना चाहती शादी, बोलीं- ‘मुझे मारने की धमकियां मिलती हैं’





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *