भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले टी20 मुकाबले के शेड्यूल में बदलाव हो सकता है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से DDCA को मैच रीशेड्यूल करने को लेकर पत्र लिखा गया है. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि उस दौरान BRICS सम्मेलन के चलते दिल्ली में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को संभालना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. हालांकि मैच रीशेड्यूल होगा या अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक ही खेला जाएगा, इस पर अंतिम फैसला BCCI को लेना है.
जानकारी के मुताबिक DCP, सेंट्रल दिल्ली ट्रैफिक की ओर से दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) के सचिव को पत्र भेजा गया है. इसमें 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले भारत-अफगानिस्तान टी20 मुकाबले को रीशेड्यूल करने पर विचार करने के लिए कहा गया है.
यह भी पढ़े: भारत-अफगानिस्तान पहले टी20 की बदली तारीख, 13 सितंबर को नहीं होगा मैच?
BRICS सम्मेलन के चलते व्यवस्था संभालना चुनौती
ट्रैफिक पुलिस ने पत्र में BRICS सम्मेलन का हवाला दिया है. उसी दौरान दिल्ली में सम्मेलन से जुड़ी गतिविधियां होने के कारण सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव रहने की संभावना है. ऐसे में अरुण जेटली स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों की आवाजाही को संभालना ट्रैफिक पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है. इसी को देखते हुए 13 सितंबर के मुकाबले की तारीख में बदलाव करने का अनुरोध किया गया है.
‘DDCA नहीं, BCCI लेगा अंतिम फैसला’
इस पूरे मामले पर DDCA के सचिव अशोक शर्मा का कहना है कि मैच को रीशेड्यूल करने या नहीं करने का अंतिम फैसला DDCA के अधिकार क्षेत्र में नहीं है. यह बोर्ड का अंतरराष्ट्रीय मुकाबला है और DDCA को सिर्फ इसकी मेजबानी के लिए अरुण जेटली स्टेडियम आवंटित किया गया है. अशोक शर्मा के मुताबिक, इस पर अंतिम फैसला BCCI को ही लेना है. यह बोर्ड टू बोर्ड का मामला है. BCCI की तरफ से हमें जो भी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, DDCA उनका पालन करेगा.
इस सीरीज में अफगानिस्तान मेजबान बोर्ड है और BCCI की ओर से अफगानिस्तान को दिल्ली का अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम उपलब्ध कराया गया है. ऐसे में मैच के कार्यक्रम में किसी भी तरह के बदलाव को लेकर BCCI और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के स्तर पर फैसला लिया जाना होगा.
ढाई महीने पहले तय हो चुका था कार्यक्रम
DDCA सचिव के मुताबिक, भारत-अफगानिस्तान मुकाबले का कार्यक्रम करीब ढाई महीने पहले ही तय हो गया था. उसी कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए DDCA ने मैच के आयोजन से जुड़ी तैयारियां शुरू की थीं और जरूरी अनुमतियां भी ली गई थीं. अब ट्रैफिक पुलिस की तरफ से पत्र मिलने के बाद मामला BCCI के पास जाएगा. यदि बोर्ड मैच की तारीख बदलने का फैसला करता है तो DDCA उसी के मुताबिक अपनी तैयारियों में बदलाव करेगा.
ICC से जुड़े पहलुओं को भी देखना होगा
अशोक शर्मा ने यह भी कहा कि किसी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को रीशेड्यूल करना केवल स्थानीय स्तर का फैसला नहीं होता. मैच के लिए अंपायर, मैच रेफरी और अन्य अधिकारियों की नियुक्ति तथा अंतरराष्ट्रीय शेड्यूलिंग से जुड़े पहलुओं को भी ध्यान में रखना पड़ता है. इसलिए जरूरत पड़ने पर ICC से जुड़े पहलुओं को भी देखा जाएगा.
DDCA सचिव ने साफ किया कि एसोसिएशन अपने स्तर पर मैच की तारीख बदलने का फैसला नहीं करेगी. अगर BCCI की तरफ से 13 सितंबर का मुकाबला रीशेड्यूल करने का निर्देश मिलता है तो DDCA उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगा. फिलहाल 13 सितंबर का भारत-अफगानिस्तान टी20 मुकाबला तय कार्यक्रम के मुताबिक अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में ही निर्धारित है. अब नजर BCCI के फैसले पर है कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुरोध के बाद मुकाबले के कार्यक्रम में बदलाव किया जाता है या इसे निर्धारित तारीख पर ही आयोजित किया जाता है.
यह भी पढ़े: कौन बनेगा CSK का अगला कोच? MS Dhoni की सलाह पर टीम ने इस दिग्गज पर किया विचार