महेंद्र सिंह धोनी अभी अमेरिका में है, वह 22 सितंबर के आस पास भारत लौटेंगे. इसके बाद IPL 2027 के लिए होने वाले ऑक्शन को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स ट्रांसफर और ट्रेड के लिए बैठक करेगा. हाल ही में एक रिपोर्ट में कहा गया था कि पूर्व कप्तान ने सीएसके में हिस्सेदारी खरीदने के लिए दिलचस्पी दिखाई है, लेकिन उनकी कुछ शर्तों पर मैनेजमेंट तैयार नहीं हुआ. क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार फ्रेंचाइजी के एक बड़े अधिकारी ने इसका खंडन किया है
रिपोर्ट में सीएसके के एक बड़े अधिकारी के हवाले से बताया गया कि धोनी के साथ इस मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं हुई है. उन्होंने कहा, “उन्होंने हमसे कभी भी इस बारे में नहीं पूछा और न ही हमारे बीच इस मुद्दे को लेकर कोई चर्चा हुई. हमें इस बात की जानकारी नहीं है कि उन्होंने इस बारे में एन. श्रीनिवासन से कोई बात की है या नहीं.”
रिपोर्ट के अनुसार सीएसके से मिली जानकारी के मुताबिक, धोनी ने कुछ शेयर तब खरीदे थे जब ये बिक्री के लिए उपलब्ध थे. सीएसके के शेयर प्राइवेट तौर पर खरीदे जा सकते हैं, क्योंकि ये खुले बाजार में ट्रेड नहीं होते. धोनी के पास एक लाख से ज्यादा शेयर की बात सामने आई है, लेकिन शेयरहोल्डिंग पैटर्न के बड़े नजरिए से यह बहुत छोटा हिस्सा है. श्रीनिवासन परिवार के पास फ्रेंचाइजी में 55 प्रतिशत से अधिक की कंट्रोलिंग हिस्सेदारी है.
यह भी पढ़ें- दोनों पारियों में नहीं दिया 1 भी रन… मानव सुतार ने रचा इतिहास; 131 साल बाद हुआ ऐसा
धोनी के लौटने पार होगा अगले कोच का फैसला
एमएस धोनी ने पिछले साल एक भी मैच नहीं खेला था, ऐसे में सवाल बना हुआ है कि वह IPL 2027 में खेलेंगे या उससे पहले संन्यास ले लेंगे. नए हेड कोच को फाइनल करने में धोनी अहम भूमिका निभाएंगे, जो अभी अमेरिका में हैं और उम्मीद है कि 22 सितंबर तक भारत लौटेंगे.
उनके लौटने के बाद सीएसके मैनेजमेंट अगले कोच पर फैसला लेंगे, इसके बाद IPL 2027 ऑक्शन को लेकर ट्रेड और ट्रांसफर पर चर्चा के लिए मीटिंग करेंगे. माना जा रहा है कि सीएसके विदेशी कोच को चुनेगी. ये भी खबर है कि कोच लगभग तय भी हो चुका है, लेकिन वह अभी दूसरी फ्रेंचाइजी के साथ भी बातचीत कर रहा है.
यह भी पढ़ें- रणजी ट्रॉफी के लिए कप्तान नियुक्त हुए मोहम्मद सिराज, HCA का एलान