टीम इंडिया के लिए एक बहुत बड़ी और राहत की खबर दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम से निकलकर सामने आई है. जसप्रीत बुमराह पूरी तरह से फिट नजर आ रहे हैं और नेट्स में उन्होंने जिस अंदाज में गेंदबाजी की, उसे देखकर साफ लगा कि बुमराह अब पूरी लय में लौट चुके हैं. 13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया पसीना बहा रही है.
आज यानी शुक्रवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में टीम इंडिया का प्रैक्टिस सेशन था और इस सेशन में सबसे ज्यादा नजरें जसप्रीत बुमराह पर थीं. इसकी वजह भी साफ है. इंग्लैंड दौरे पर बुमराह इंजर्ड हो गए थे. इसके बाद उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस और ट्रेनिंग पर काम किया. वहां से क्लियरेंस मिलने के बाद बुमराह टीम इंडिया के साथ जुड़े और दिल्ली में उनका ये पहला नेट सेशन था. पहले ही नेट सेशन में बुमराह ने बता दिया कि वो किस तैयारी के साथ लौटे हैं.
बुमराह ने पूरे रन-अप के साथ फुल थ्रॉटल गेंदबाजी की. उनकी गेंदों में पेस भी नजर आया, धार भी नजर आई और सबसे खास बात- वो बल्लेबाजों को लगातार परेशान करते दिखाई दिए. चाहे श्रेयस अय्यर हों, संजू सैमसन हों या फिर युवा वैभव सूर्यवंशी, बुमराह ने किसी को आसानी से बल्लेबाजी नहीं करने दी. लेकिन इस पूरे प्रैक्टिस सेशन का सबसे दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला जसप्रीत बुमराह और वैभव सूर्यवंशी के बीच.
वैभव सूर्यवंशी जब दूसरे गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी कर रहे थे तो काफी सहज दिखाई दे रहे थे. शिवम दुबे हों या अर्शदीप सिंह, वैभव ने उनके खिलाफ खुलकर अपने शॉट्स खेलने की कोशिश की. लेकिन जैसे ही सामने जसप्रीत बुमराह आए, कहानी थोड़ी बदल गई.
बुमराह ने युवा वैभव का बाकायदा टेस्ट लिया. कभी अपनी लाइन-लेंथ से उन्हें परेशान किया तो कभी अपनी यॉर्कर से उनकी परीक्षा ली. बुमराह के खिलाफ वैभव उतने सहज नजर नहीं आए, जितने वो बाकी गेंदबाजों के सामने दिखाई दे रहे थे. यही इस नेट सेशन की सबसे दिलचस्प तस्वीर भी थी. एक तरफ टीम इंडिया के सबसे अनुभवी और खतरनाक तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और दूसरी तरफ युवा वैभव सूर्यवंशी.
बुमराह ने उन्हें बताया कि इंटरनेशनल क्रिकेट के स्तर की तेज गेंदबाजी का सामना करना कितना बड़ा इम्तिहान हो सकता है. हालांकि टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर सिर्फ जसप्रीत बुमराह की फिटनेस नहीं है. नितीश कुमार रेड्डी भी पूरी रफ्तार में गेंदबाजी करते हुए नजर आए.
नितीश रेड्डी ने झोंकी जान
नितीश ने भी पूरे रन-अप के साथ गेंदबाजी की और खास तौर पर ईशान किशन को उन्होंने कई शॉर्ट गेंदें फेंकी. जिस पेस और इंटेंसिटी के साथ नितीश कुमार रेड्डी गेंदबाजी कर रहे थे, उसे देखकर यही लगा कि वो भी अपनी फिटनेस हासिल कर चुके हैं और मुकाबले के लिए तैयार नजर आ रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 4 विकेट चटकाकर भी विलेन बना PAK गेंदबाज, दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
वाशिंगटन सुंदर पहले ही फिट हो चुके हैं. वहीं यश ठाकुर का भी टीम में इंक्लूजन हो चुका है और प्रैक्टिस सेशन में यश ठाकुर ने भी काफी अच्छी पेस के साथ गेंदबाजी की. यानी गेंदबाजी के लिहाज से टीम इंडिया के सामने अब समस्या फिटनेस की कम और प्लेइंग इलेवन चुनने की ज्यादा नजर आ रही है.
जसप्रीत बुमराह अगर पूरी तरह फिट हैं तो उनका खेलना लगभग तय माना जाएगा. उनके साथ अर्शदीप सिंह भी तेज गेंदबाजी आक्रमण का हिस्सा हो सकते हैं. लेकिन अब बड़ा सवाल है कि क्या नितीश कुमार रेड्डी को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी? क्या यश ठाकुर को मौका दिया जाएगा? क्योंकि दोनों ने नेट्स में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है और खास तौर पर नितीश रेड्डी जिस तरीके से पूरे रन-अप और अच्छी स्पीड के साथ गेंदबाजी करते नजर आए, उससे टीम मैनेजमेंट के पास एक अतिरिक्त पेस-बॉलिंग ऑलराउंडर का विकल्प भी मौजूद है.
लेकिन आज के प्रैक्टिस सेशन की सबसे बड़ी खबर अगर एक लाइन में कही जाए तो वो यही है. बुमराह वापस आ गए हैं और सिर्फ वापस नहीं आए, बल्कि पूरी रफ्तार के साथ वापस आए हैं! नेट्स में उनकी यॉर्कर, उनका पेस और बल्लेबाजों को हुई परेशानी टीम इंडिया के लिए बेहद अच्छे संकेत हैं. अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि मुकाबले में बुमराह इस लय को किस तरह लेकर जाते हैं और टीम इंडिया आखिर किस गेंदबाजी कॉम्बिनेशन के साथ मैदान पर उतरती है.
यह भी पढ़ें: कुलदीप यादव में घुसी शेन वॉर्न की आत्मा! ‘टर्न’ देख आंखों पर नहीं होगा यकीन