पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में भले ही हार की परेशानी सता रही हो, लेकिन इसी बीच उसके एक नए तेज गेंदबाज ने अपने डेब्यू से सबका ध्यान खींच लिया. 21 साल के रजाउल्लाह ने पहली ही टेस्ट पारी में 4 विकेट झटके और अपनी तेज गेंदों से इंग्लैंड के बल्लेबाजों को परेशान किया. लेकिन उनकी गेंदबाजी का दूसरा पहलू भी सामने आया, जिसने पाकिस्तान की परेशानी बढ़ा दी.
रजाउल्लाह ने मैच की शुरुआत से ही अपनी रफ्तार का दम दिखाया. उन्होंने करीब 137 KMPH की गति से पहली गेंद डाली और कुछ ही देर में उनकी रफ्तार 145 KMPH तक पहुंच गई. उनकी गेंदों में तेजी के साथ साथ स्विंग भी देखने को मिली. डेब्यू कर रहे गेंदबाज ने इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को भी आउट किया और इसके बाद दो और विकेट अपने नाम किए.
यह भी पढ़े: टीम इंडिया में निकली नई नौकरी, आप भी कर सकते हैं अप्लाई; जानिए क्वालिफिकेशन
4 विकेट के बावजूद बना शर्मनाक रिकॉर्ड
रजाउल्लाह ने 4 विकेट जरूर झटके, लेकिन वो पाकिस्तान की ओर से इस पारी में सबसे महंगे गेंदबाज रहे. उन्होंने 23 ओवर में 148 रन खर्च किए. उनकी इकॉनमी 6.43 रन प्रति ओवर रही. यानी विकेट लेने के बावजूद वो इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर रन बनाने से रोक नहीं लगा सके. कम से कम 20 ओवर गेंदबाजी करने वाले बॉलर रजाउल्लाह का इकॉनमी रेट सबसे खराब बताया गया.
इंग्लैंड के आखिरी बल्लेबाज ने भी बनाए खूब रन
रजाउल्लाह के लिए सबसे बड़ी परेशानी ये रही कि इंग्लैंड के आखिरी के बल्लेबाजों ने भी उनके खिलाफ खुलकर रन बनाए. लंबे स्पेल के दौरान उनकी रफ्तार में भी कुछ कमी देखने को मिली. आखिरकार इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 453 रन बनाए और पाकिस्तान पर 320 रन की बड़ी बढ़त हासिल कर ली.
पाकिस्तान के लिए उम्मीद भी, परेशानी भी
लेकिन , रजाउल्लाह के आंकड़े पूरी तरह खराब नहीं कहे जा सकते. अपने पहले ही टेस्ट में 4 विकेट लेना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है. उनकी रफ्तार और जोरदार अंदाज में काफी क्षमता नजर आई है. लेकिन 148 रन खर्च करना बताता है कि अभी उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के हिसाब से खुद को और बेहतर करना होगा. पाकिस्तान के लिए यह डेब्यू एक तरफ उम्मीद की किरण है, तो दूसरी तरफ गेंदबाजी में सुधार की जरूरत भी दिखाता है.
यह भी पढ़े: वैभव सूर्यवंशी का भविष्य में कप्तान बनना तय! जानें क्यों तेज हुई चर्चा