
पनीर कोफ्ता बनाने के लिए आपको करीब 250 ग्राम पनीर, 2 उबले हुए आलू, 2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर या अरारोट, थोड़ा सा नमक और गरम मसाला चाहिए होगा. आप अगर चाहें तो कोफ्तों के अंदर भरने के लिए थोड़े से काजू-किशमिश भी रख सकते हैं. इससे कोफ्तों का स्वाद और भी बढ़ जाता है.

सबसे पहले पनीर और उबले आलू को अच्छी तरह मैश कर लें. अब इसमें कॉर्नफ्लोर, नमक और थोड़ा गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं. मिश्रण ऐसा होना चाहिए कि आसानी से इसकी गोलियां बनाई जा सकें. अब इसकी छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और चाहें तो बीच में एक-दो काजू या किशमिश रखकर बंद कर दें.

अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और कोफ्तों को मीडियम आंच पर सुनहरा होने तक तल लें, इन्हें धीरे-धीरे सुनहरा और कुरकुरा होने दें. इसके बाद तैयार कोफ्तों को एक प्लेट में निकालकर अलग रख दें. ग्रेवी बनाने के लिए 2 प्याज, 2-3 टमाटर, अदरक, लहसुन और कुछ काजू लें. सबसे पहले प्याज को हल्का सुनहरा भूनकर उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें. इसके बाद टमाटर और काजू डालकर कुछ मिनट पकाएं और मिश्रण ठंडा होने के बाद इसे बारीक पीस लें.

अब कड़ाही में थोड़ा तेल या घी डालकर इसमें जीरा डालें. इसके बाद तैयार पेस्ट डालकर अच्छी तरह भूनें. इसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर मसालों को तब तक पकाएं जब तक तेल किनारों से अलग दिखाई देने न लगे. इसके बाद इसमें जरूरत के अनुसार पानी डालकर ग्रेवी को कुछ मिनट तक पकाएं. आप स्वाद को और बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा फ्रेश क्रीम या मलाई भी डाल सकते हैं.

आखिर में गरम मसाला और कसूरी मेथी डालकर गैस बंद कर दें. पनीर कोफ्ते को ग्रेवी में बहुत देर तक उबालने से वे टूट सकते हैं और उनका टेक्सचर भी खराब हो जाता है. इसलिए परोसने से कुछ मिनट पहले ही कोफ्तों को ग्रेवी में डालें. अब इसे ऊपर से थोड़ी क्रीम, हरा धनिया और कसूरी मेथी डालकर सजाएं.

गरमा-गरम पनीर कोफ्ते को नान, तंदूरी रोटी, पराठे या जीरा राइस के साथ परोसेने से इनका स्वाद और बढ़ जाता है. कोफ्तों की नरम बनावट और मसालेदार-क्रीमी ग्रेवी का कॉम्बिनेशन ऐसा स्वाद देगा कि घर आए मेहमान भी इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएंगे.
Published at : 13 Sep 2026 10:49 AM (IST)