भारत और अफगानिस्तान की टी20 सीरीज आज से शुरू हो रही है. पहला टी20 मैच 13 सितंबर यानी आज अरुण जेटली स्टेडियम पर खेला जाएगा. उससे पहले अफगान टीम के कप्तान इब्राहिम जादरान का कहना है कि उनका फोकस विशेष रूप से 2 भारतीय खिलाड़ियों पर रहेगा, जिनमें से 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी भी एक हैं.
पहला टी20 मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पर खेला जाएगा, जो भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा. एक तरफ वैभव सूर्यवंशी मैनेजमेंट के लिए बड़ा सिर दर्द बने होंगे, क्योंकि टीम में 3 ओपनिंग के विकल्प मौजूद हैं, लेकिन असल में 2 ही खेल सकते हैं. वहीं जसप्रीत बुमराह की वापसी भी भारतीय टीम के लिए अच्छी खबर है.
बुमराह और वैभव सबसे बड़ा खतरा
शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने कहा, “जसप्रीत बुमराह सबसे बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं और मेरे फेवरेट बॉलर भी हैं. एक टीम के रूप में हम उनके सामने चीजों को जटिल नहीं करना चाहेंगे, उनके लिए हमारे पास प्लान है कि उनके खिलाफ कैसे खेलना है. उम्मीद है हम भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे.”
अफगानिस्तान, बुमराह के नाम से डरा हुआ है, इसका एक कारण भी है. बुमराह ने अब तक अफगानिस्तान के खिलाफ 2 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 4 विकेट लिए हैं. अफगान टीम के खिलाफ बुमराह का इकोनॉमी रेट सिर्फ 4 का है. यह दिखाता है कि किस तरह बुमराह अफगान बल्लेबाजों पर लगाम कस कर रखते हैं.
दूसरी तरफ वैभव सूर्यवंशी को लेकर कप्तान जादरान ने कहा कि उनकी टीम ने वैभव के खेलने के तरीके को परखा है. उन्होंने कहा, “वैभव एक बेहतरीन टैलेंट है. IPL के हालिया सीजन में उन्होंने जबरदस्त खेल दिखाया और अलग-अलग स्तर की क्रिकेट पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं.
वैभव आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर आ रहे हैं, जहां वो ऑरेंज कैप के विजेता रहे थे. उसके बाद उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में दम दिखाया, जहां 3 पारियों में उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले.
यह भी पढ़ें: पहले टी20 में ऐसी होगी भारत-अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन, जानें पिच रिपोर्ट और मैच प्रिडिक्शन
वैभव के लिए भी बनाया प्लान
अफगानिस्तान टीम के कप्तान ने बताया कि उन्होंने वैभव सूर्यवंशी के खेलने के वीडियो देखे हैं और चीजों को बहुत जटिल नहीं बनाना चाहेंगे. अफगान टीम वैभव को आउट करने के लिए अपने प्लान पर अमल करने के बारे में सोच रही है.
अफगानिस्तान किसी टी20 मैच में भारत को कभी हरा नहीं पाया है. वह टीम इंडिया को हराने के सबसे करीब साल 2024 में आया था, जब चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया मैच डबल सुपर ओवर तक चला था, लेकिन अंत में टीम इंडिया विजयी रही थी.
यह भी पढ़ें:
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले 10 बल्लेबाज, जो रूट नंबर-1