वनडे वर्ल्ड कप के आगामी संस्करण में अब लगभग 1 साल बचा है, लेकिन स्पष्ट नहीं है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली इसमें खेलेंगे या नहीं? हालांकि दोनों दिग्गज इस बड़े टूर्नामेंट में खेलना चाहते हैं, लेकिन ये उनकी फिटनेस और प्रदर्शन पर तय होगा. ज्यादा चर्चा रोहित शर्मा के नाम की है, जो उस समय 40 साल के होंगे. इस बीच पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने बड़ी सलाह दी है, उन्होंने रोहित या कोहली का नाम लिए बिना कहा कि सफलता हासिल करनी है तो अपनी टीम अभी तय कर लेनी चाहिए. उनका मानना है कि आखिरी समय में बड़े बदलाव से नुकसान हो सकता है.
क्रिकइन्फो से बात करते हुए युवराज सिंह ने कहा, “उसी टीम को तैयार करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए, जो वर्ल्ड कप में खिलाना चाहते हैं क्योंकि आप नहीं चाहेंगे कि अंतिम समय में बड़े बदलाव हों. 16 साल का हो या खिलाड़ी 20 साल का, सभी को पर्याप्त मैच मिलने चाहिए. अब टी20 की तुलना में वनडे कम होता है, इसलिए जो भी मैच हों उनमें ध्यान रखा जाए कि वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए खिलाड़ी को पर्याप्त मैच मिले.”
युवराज ने उदाहरण देते हुए समझाया कि भारत तभी पिछड़ा है, जब आखिरी समय में बड़े बदलाव किए गया हों. उनका मानना है कि अब से उन्हीं खिलाड़ियों पर भरोसा करें, जिन्हें आप जीतने में सक्षम मानते हो. फिर प्लेयर सफल हो या विफल, आपको उस पर भरोसा करना होगा.
भारत की अगली वनडे सीरीज वेस्टइंडीज के साथ इसी महीने से शुरू होगी, जिसके स्क्वॉड की घोषणा जल्द होने वाली है. इससे रोहित शर्मा के भविष्य की स्थिति थोड़ी स्पष्ट हो सकती है. दक्षिण अफ्रीका की पिचों को ध्यान में रखते हुए टीम इंडिया वर्ल्ड कप के लिए गेंदबाजी ऑलराउंडर पर ज्यादा फोकस करेगा, इसमें हार्दिक पांड्या का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है.
यह भी पढ़ें- ICC की ताजा रैंकिंग में अभिषेक ने मारी छलांग, गेंदबाजों में नंबर-1 चक्रवर्ती
युवराज ने आगे कहा, “हर देश के पास अलग तरह के प्लेयर होते हैं. कुछ के पास ज्यादा ऑलराउंडर, कुछ के पास बल्लेबाजी और कुछ के पास प्रॉपर गेंदबाज होते हैं. आपको बेस्ट कॉम्बिनेशन चुनना है. 12, 13 या 14 खिलाड़ियों का ग्रुप कॉम्बिनेशन के तहत चुना जाएगा, 15वें खिलाड़ी को परिस्थिति के अनुसार चुना जाएगा.
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम का उदाहरण देते हुए कहा, “ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप विजेता टीम में कई मैच विनर रहे, जो अपने दम पर मैच का रुख पलट सकते थे इसलिए वो टीम सबसे सफल रही. उन्होंने टीम इंडिया को सलाह दी कि पिछले 2 टी20 वर्ल्ड कप से सीख लें.
उन्होंने कहा, “पिछले 2 टी20 वर्ल्ड कप (2024 और 2026) में हमने यही किया. हम 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक भी पहुंचे. वाइट बाल क्रिकेट में हमने अच्छा प्रदर्शन किया है. अभी वर्ल्ड कप थोड़ा दूर है, इसलिए ऐसा ग्रुप बनाएं जो हर परिस्थिति में लड़के के लिए तैयार हो.”
यह भी पढ़ें- बटलर ने रचा इतिहास, तोड़ा रोहित शर्मा का रिकॉर्ड