संजय दत्त इन दिनों कन्नड़ फिल्म ‘केडी द डेविल’ को लेकर चर्चा में हैं. फिल्म का एक गाना पहले ही रिलीज किया गया था, जिसके बोल ‘सरके चुनर तेरी सरके’ था. इस गाने को नोरा फतेही के साथ ही संजय दत्त पर फिल्माया गया था. गाने को जब रिलीज किया गया तो इसे लेकर काफी बवाल मच गया था. खासकर महिला वर्ग इससे काफी नाराज था. इसी बीच राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की ओर से इस गाने के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया. संजय दत्त और नोरा फतेही को कमीशन के सामने पेश होने के लिए समन जारी किया गया था. संजय दत्त की आयोग के सामने 27 अप्रैल सोमवार को पेशी हुई.
समाचार एजेंसी एएनआई ने एक्स अकाउंट पर संजय दत्त का एक वीडियो शेयर किया है. इसे साझा करने के साथ ही जानकारी शेयर की गई थी कि संजय दत्त राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश होने के लिए पहुंचे थे. उनसे फिल्म ‘केडी द डेविल’ सॉन्ग ‘सरके चुनर तेरी सरके’ के विवाद में सवाल जवाब किया गया. इस दौरान अभिनेता ने आयोग के सामने माफी मांगी.
50 बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाएंगे संजय दत्त
संजय दत्त ने सोमवार 27 अप्रैल को महिला आयोग में हुई पेशी में अपना पक्ष रखा और सॉन्ग ‘सरके चुनरी तेरी सरके’ के लिए माफी मांगी है. वह दिल्ली स्थित कार्यालय में पेश हुए और इस दौरान उन्होंने आयोग के सामने अपनी तरफ से माफी मांगी. इतना ही नहीं, रिपोर्ट्स में ये भी बताया जा रहा है कि उन्होंने एक पॉजिटिव पहले भी शुरू की. एक्टर ने 50 ट्राइबल (आदिवासी) बच्चों को शिक्षा का पूरा खर्च उठाने का जिम्मा लिया है. संजय दत्त ने इस जांच में अपना पूरा सहयोगा करने का आश्वासन दिया.
निर्माताओं ने मांगी थी माफी
इसके पहले राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर 6 अप्रैल को गीतकार रकीब आलम, डायरेक्टर प्रेम, और KVN प्रोडक्शंस के प्रतिनिधि गौतम केएम और सुप्रित की पेशकश हुई थी. रिपोर्ट्स की मानें तो इस दौरान सभी ने आयोग के सामने माफी मांगी थी. आयोग के अनुसार, उनकी ओर से लिखित में माफी मांगी गई थी और माना था कि इस गाने से समाज में नकारात्मक प्रभाव पड़ा.
यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर 2’ ने तोड़ा ‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड, दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी भारतीय फिल्म बनी
NCW की अध्यक्ष ने जाहिर की थी चिंता
वहीं, NCW की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने इस गाने के बोल पर चिंता जाहिर की थी और कहा था कि ये महिलाओं की गरिमा के खिलाफ है. उन्होंने उन दलीलों को भी खारिज किया था, जिसमें कहा गया था कि उन्हें गाने के अर्थ की जानकारी नहीं थी. विजया रहाटकर ने गुस्सा जाहिर करते हुआ कहा था कि महिलाओं की गरिमा से समझौता नहीं किया जा सकता है.
#WATCH | Delhi | Actor Sanjay Dutt appears before National Commission for Women following summons issued to him over alleged obscenity and vulgarity in the song “Sarke Chunar Teri Sarke.” pic.twitter.com/LRoRlUfhuA
— ANI (@ANI) April 27, 2026
नोरा फतेही बोलीं- जानकारी नहीं थी
‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने को लेकर बढ़ते विवाद को देखते हुए नोरा फतेही ने भी रिएक्शन दिया था और उन्होंने कहा था कि 3 साल पहले इस गाने को कन्नड़ भाषा में शूट किया गया था और उन्हें इस बात की बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी कि हिंदी में इसके लिरिक्स ऐसे होंगे. इतना ही नहीं, नोरा ने दावा किया था कि उनकी अनुमति के बिना मेकर्स ने उनकी फोटो को AI का इस्तेमाल करके इन विवादित लिरिक्स के साथ जोड़ दिया था.
यह भी पढ़ें: बॉबी देओल की ‘बंदर’ के रिलीज डेट का ऐलान, इंटेस अवतार में सिनेमाघरों में मचाएंगे गदर
कब रिलीज होगी ‘केडी द डेविल’?
अब अगर कन्नड़ फिल्म ‘केडी द डेविल’ के बारे में बात की जाए तो इसमें संजय दत्त विलेन के रोल में दिखाई देंगे. इसमें ध्रुव सरजा लीड रोल में दिखाई देने वाले हैं. फिल्म 30 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. फैंस को उनकी इस रिलीज का बेसब्री से इंतजार है. इसका निर्देशन प्रेम ने किया है.