
एक्टर मोहम्मद उमर मुकरी की बेटी और एक्ट्रेस नसीम मुकरी ने हाल ही में बॉलीवुड से जुड़ी कई पुरानी यादें शेयर कीं. उन्होंने फिल्म ‘हां… मैंने भी प्यार किया’ पर काम करने के दौरान का किस्सा सुनाते हुए बताया कि इसी फिल्म की रिलीज के बाद अभिषेक बच्चन और करिश्मा कपूर का रिश्ता टूट गया था.

हाल ही में विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में नसीम मुकरी ने साल 2002 में रिलीज हुई फिल्म ‘हां… मैंने भी प्यार किया’ को लेकर बात की. इस दौरान उन्होंने अभिषेक बच्चन और करिश्मा कपूर के रिश्ते के पर भी खुलासा किया.

जब उनसे फिल्म की कमियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि स्टारकास्ट में कोई दिक्कत नहीं थी, क्योंकि उस समय अभिषेक और करिश्मा एक-दूसरे के प्यार में थे. हालांकि, नसीम मुकरी ने दावा किया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर काफी उथल-पुथल का माहौल था.

उन्होंने कहा कि करिश्मा कपूर की मां बबीता कपूर, अभिषेक बच्चन और करिश्मा के रिश्ते से बिल्कुल खुश नहीं थीं. नसीम ने कहा, ‘बबीता इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थीं. उन्हें करिश्मा और अभिषेक का प्यार मंजूर नहीं था. मेरे हिसाब से उन्होंने ही दोनों का रिश्ता तुड़वा दिया.’

नसीम मुकरी ने आगे कहा कि करिश्मा कपूर और अभिषेक बच्चन का रिश्ता तुड़वाने के लिए बबीता कपूर ने पैसों की शर्त रखी थी. इंटरव्यू में उन्होंने कहा, ‘बबीता ने करिश्मा से कहा था कि अभिषेक से कहो कि वो इतनी-इतनी करोड़ रुपये की संपत्ति तुम्हारे नाम कर दे, तभी मैं तुम्हारी शादी उससे करवाऊंगी.’

जब नसीम से पूछा गया कि आखिर इस रिश्ते को लेकर इतनी आपत्ति क्यों थी, तो उन्होंने कहा कि कपूर परिवार को बच्चन परिवार के उस समय के फिल्मी स्टेटस और इंडस्ट्री में उनकी स्थिति को लेकर दिक्कत थी. नसीम मुकरी ने दावा किया, ‘उस समय करिश्मा कपूर अभिषेक बच्चन से बड़ी स्टार थीं, इसलिए यही सबसे बड़ी वजह थी.’

उन्होंने कहा कि इन सब विवादों के बाद अभिषेक बच्चन और करिश्मा कपूर का रिश्ता टूट गया. सगाई टूटने के उसी साल करिश्मा कपूर ने बिजनेसमैन संजय कपूर से शादी कर ली. फिलहाल करिश्मा कपूर दो बच्चों, समायरा कपूर और कियान राज कपूर की मां हैं. उनके एक्स पति संजय कपूर का साल 2025 में निधन हो गया था. वहीं, अभिषेक बच्चन ने साल 2007 में ऐश्वर्या राय बच्चन से शादी की. दोनों की एक बेटी आराध्या बच्चन है, जिसका जन्म 2011 में हुआ था.
Published at : 29 Jul 2026 07:15 PM (IST)
Tags :