जसप्रीत बुमराह घुटने की चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं खेलेंगे. उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के उभरते हुए तेज गेंदबाज आकिब नबी को आखिरकार डेब्यू का मौका मिल सकता है. पीटीआई के अनुसार आकिब नबी श्रीलंका सीरीज में खेल सकते हैं. उन्होंने पिछले घरेलू सीजन में दमदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा था.
भारत और श्रीलंका की 2 टेस्ट मैचों की सीरीज 15 अगस्त से शुरू हो रही है. जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोट आई थी, जिससे वो अब तक उबर नहीं पाए हैं. बताया जा रहा है कि उन्हें अब भी घुटने में दर्द और खिंचाव महसूस हो रहा है. ऐसे में BCCI बुमराह को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाहता.
आकिब नबी करेंगे डेब्यू
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार BCCI के एक सूत्र ने बताया कि जसप्रीत बुमराह पूरी तरह फिट नहीं हैं. उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर आकिब नबी के नाम को मंजूरी दे दी गई है.
जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी जिताने में आकिब नबी का बहुत बड़ा योगदान था. उन्होंने 10 मुकाबलों में 60 विकेट चटकाए थे और पिछले 2 रणजी सीजन में कुल 100 से ज्यादा विकेट ले चुके हैं. वो ठीकठाक बल्लेबाजी भी कर लेते हैं. अगर आकिब नबी का सेलेक्शन होता है तो वे परवेज रसूल और उमरान मलिक के बाद जम्मू-कश्मीर के ऐसे तीसरे क्रिकेटर होंगे, जिन्हें टीम इंडिया में जगह मिलेगी.
उम्मीद की जा रही थी कि जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कम से कम एक मुकाबला खेल सकते थे, लेकिन मैनेजमेंट का कहना है कि बुमराह को लेकर कोई रिस्क लिया जाना सही नहीं है.
आकिब नबी के जादुई आंकड़े
आकिब नबी फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में लगातार कमाल कर रहे हैं. अब तक 43 फर्स्ट-क्लास मैचों में उनके नाम 162 विकेट हैं. वो जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी भी कर लेते हैं और अपने रेड बॉल करियर में उन्हें 1000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ एक रन की जरूरत है. फर्स्ट-क्लास मैचों में उनका गेंदबाजी औसत 18.63 का है, जिसे बहुत बढ़िया माना जाता है.
यह भी पढ़ें:
2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलेंगे भुवनेश्वर कुमार? खुद दिया सबसे बड़े सवाल का जवाब
तिलक वर्मा को मिली कप्तानी, इस सीरीज में संभालेंगे टीम की कमान