डेब्यू मैच में नहीं चला वीरेंद्र सहवाग के बेटे का बल्ला, पापा के सामने फ्लॉप

b8e14b4f3fb1c97d391603e9deefe8bb1789750927329143 original


पापा की तरह क्रिकेट के मैदान पर कदम रखने का आर्यवीर सहवाग का इंतजार आखिरकार खत्म हुआ, लेकिन डेब्यू का ये पल उनकी उम्मीद के मुताबिक यादगार नहीं बन सका. ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ राजकोट में खेले गए मुकाबले में आर्यवीर पहली बार भारत की अंडर-19 जर्सी में बल्लेबाजी करने उतरे. बेटे को खेलते देखने के लिए वीरेंद्र सहवाग भी स्टेडियम में मौजूद थे, लेकिन आर्यवीर 26 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हो गए. उनकी पारी में 5 चौके जरूर आए, मगर वो बड़ी पारी खेलने से चूक गए.

राजकोट में बारिश ने मैच का रंग बदल दिया और 50 ओवर के मुकाबले को कम कर के  20-20 ओवर का करना पड़ा. कम ओवरों के इस मैच में भारतीय सलामी बल्लेबाजों के सामने तेजी से रन बनाने की चुनौती थी. आर्यवीर ने शुरुआत में कुछ अच्छे शॉट लगाए और पांच चौके भी जड़े. लेकिन, 26 गेंदों में 28 रन के स्कोर पर उनकी पारी खत्म हो गई. ऐसे में डेब्यू मैच में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद पूरी नहीं हो सकी.

यह भी पढ़े: सबसे ज्यादा ‘प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड’, युवराज के बराबर अभिषेक शर्मा; देखें टॉप-10 लिस्ट

बेटे का डेब्यू देखने पहुंचे सहवाग

आर्यवीर के डेब्यू को खास बनाने के लिए उनके पिता और भारत के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग भी निरंजन शाह स्टेडियम पहुंचे थे. स्टैंड्स में बैठकर बेटे को भारत की अंडर-19 जर्सी में खेलते हुए देखते सहवाग की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर सामने आईं. आर्यवीर इससे पहले घरेलू क्रिकेट में भी अपनी बल्लेबाजी से ध्यान खींच चुके हैं.

अन्वय द्रविड़ ने संभाली पारी

जहां आर्यवीर बड़ी पारी नहीं खेल सके, वहीं राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ ने बल्ले से अपनी छाप छोड़ी. विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय 6 नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे. उस समय भारत अंडर-19 की टीम 88 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी. इसके बाद अन्वय ने तेजी से रन बनाते हुए सिर्फ 18 गेंदों में 38 रन की पारी खेली. उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए और टीम के स्कोर को 150 रन के पार पहुंचाने में अहम योगदान दिया.

भारत ने सात रन से जीता मैच

भारत अंडर-19 ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 182 रन बनाए. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन ही बना सकी. भारत ने मुकाबला सात रन से अपने नाम किया. भारत की जीत में यशवर्धन चौहान का भी अहम योगदान रहा, जिन्होंने बल्ले से 54 रन बनाने के साथ गेंदबाजी में दो विकेट हासिल किए.

यह भी पढ़े: टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 4 बल्लेबाज, लिस्ट में कोई भारतीय नहीं



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *