Healthy Diet For Children: यह तो हर कोई जानता है कि मटन स्वाद में जितना लाजवाब होता है, उतना ही सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. कई बार बच्चे खुशी-खुशी मटन बनाने की फरमाइश तो कर देते हैं, लेकिन खाने के समय वे उसे ठीक से खा नहीं पाते. ऐसे में माता-पिता के मन में सवाल आता है कि आखिर मटन का कौन-सा हिस्सा लाया जाए जिसे बच्चे आसानी से और चाव से खा सकें. ऐसे में मटन के चॉप्स यानी रिब्स पसलियों वाला हिस्सा और नल्ली वाला भाग एक अच्छा विकल्प माना जाता है. ये हिस्से नरम और रसीले होते हैं, जिससे इन्हें खाना आसान और स्वादिष्ट लगता है. आइए जानते हैं कि ये सिर्फ स्वाद में ही अच्छे हैं या इनके कुछ पोषण संबंधी फायदे भी हैं.
बच्चों को क्यों पसंद आते हैं मटन चॉप्स और नल्ली?
मटन का यह हिस्सा बच्चों को इसलिए ज्यादा पसंद आता है क्योंकि हड्डियों के आसपास का मांस काफी मुलायम होता है. वहीं नल्ली वाला हिस्सा भी बेहद नरम माना जाता है और इसमें कैल्शियम, फॉस्फोरस तथा हेल्दी फैट्स पाए जाते हैं. ये पोषक तत्व बच्चों के शारीरिक विकास, खासकर हड्डियों के विकास में सहायक माने जाते हैं. इसके अलावा मटन में प्रोटीन, जिंक, आयरन और विटामिन B12 भी अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं, जो बच्चों और बड़ों दोनों के लिए फायदेमंद पोषक तत्व हैं.
यह भी पढ़ेंः Dal Paratha Recipe: रात की दाल बच गई है? फेंकने से अच्छा नाश्ते में ऐसे बनाएं क्रिस्पी पराठे
ऐसे बनाएं मटन चॉप्स, बच्चे उंगलियां चाटते रह जाएंगे
अब बात करते हैं कि घर पर मटन चॉप्स को कैसे बनाया जाए ताकि बच्चे उन्हें बड़े चाव से खाएं. इसके लिए सबसे पहले मटन चॉप्स को दही, अदरक-लहसुन पेस्ट, थोड़ा नींबू का रस, हल्दी, लाल मिर्च और गरम मसाला लगाकर कम से कम 1 से 2 घंटे के लिए मैरिनेट कर लें. जितनी देर तक मैरिनेशन होगा, मांस उतना ही नरम और स्वादिष्ट बनेगा.
इसके बाद कड़ाही में तेल गरम करें और प्याज को सुनहरा होने तक भून लें. फिर टमाटर डालकर मसाले को अच्छी तरह पकाएं. अब मैरिनेट किए हुए मटन चॉप्स डालें और धीमी आंच पर ढककर पकने दें. धीमी आंच पर पकाने से मांस बेहद मुलायम हो जाता है और हड्डी से आसानी से अलग होने लगता है, जिससे बच्चों को खाने में दिक्कत नहीं होती. आखिर में ऊपर से हरा धनिया और थोड़ा-सा घी डाल दें. इससे इसकी खुशबू और स्वाद दोनों और भी बढ़ जाते हैं.
यह भी पढ़ेंः Healthy Indian Snacks: चिप्स-नमकीन को मारो गोली! बिना वजन बढ़ाए भूख मिटाएंगे भारत के ये 6 पारंपरिक स्नैक्स