Travel Weather Advisory: क्या बारिश और आंधी बिगाड़ देगी आपका ट्रिप? सफर पर निकलने से पहले पढ़ें IMD का अलर्ट

d9545d5e371becd0053f52cc17d9523f17773689291591257 original


How Weather Affects Travel Plans In India: अगर आप आने वाले दिनों में कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो मौसम का हाल जानना बेहद जरूरी है. भारत मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, देश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. इसका असर आपकी यात्रा, फ्लाइट, रोड ट्रिप और घूमने के प्लान पर पड़ सकता है. चलिए आपको बताते हैं कि कैसे आप अपना ट्रिप प्लान कर सकते हैं. 

कहां कैसा है मौसम का हाल?

दिल्ली की बात करें तो यहां भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के संकेत हैं. 24 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. इस दिन मौसम विभाग ने हल्की बारिश या बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जारी किया है. 25 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं, 26 जुलाई को तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और मौसम सामान्य रहेगा. 

दिल्ली में घूमना मजेदार

इसका मतलब यह है कि दिल्ली के ऐतिहासिक स्थल जैसे लाल किला, कुतुब मीनार या चांदनी चौक जैसे बाजारों में घूमना सुबह और शाम के समय ज्यादा आसान हो सकता है. हालांकि, अचानक आने वाले तूफान या धूल भरी आंधी आपके प्लान को थोड़ा बिगाड़ सकते हैं, इसलिए समय-समय पर मौसम की जानकारी लेते रहना जरूरी है. 

उत्तर-पश्चिम भारत में क्या है हाल?

उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम तेजी से बदल सकता है. यहां तेज हवाएं और बारिश के साथ कुछ जगहों पर आंधी भी आ सकती है. खासकर हाईवे या खुले इलाकों में यात्रा करते समय धूल भरी आंधी दृश्यता कम कर सकती है, जिससे सावधानी जरूरी हो जाती है.  

पूर्वोत्तर भारत का क्या है हाल?

पूर्वोत्तर भारत इस समय सबसे ज्यादा बारिश वाला क्षेत्र बना रहेगा. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और आसपास के राज्यों में भारी बारिश हो सकती है. यहां की हरियाली और झरने इस मौसम में बेहद खूबसूरत दिखेंगे, लेकिन यात्रा के दौरान रास्ते धीमे हो सकते हैं और भूस्खलन जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं. 

पूर्वी भारत में क्या है हाल?

पूर्वी भारत जैसे पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और ओडिशा में भी बारिश और गरज-चमक का असर रहेगा. इससे दिन का तापमान थोड़ा कम होगा, लेकिन यात्रा के दौरान देरी की संभावना बढ़ सकती है.  वहीं मध्य भारत के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश से गर्मी में थोड़ी राहत मिल सकती है. 

इसे भी पढ़ें-Arunachal Pradesh Tourism: नदी पर लग्जरी सफर और वॉटर स्पोर्ट्स, अरुणाचल प्रदेश में नदी के किनारे बना नया टूरिस्ट हब

दक्षिण भारत का प्लान

दक्षिण भारत में भी कई राज्यों में बारिश का दौर देखने को मिलेगा. केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में ज्यादा बारिश हो सकती है, जिससे मौसम सुहावना रहेगा और नजारे भी खूबसूरत हो जाएंगे.  

इन इलाकों में अभी गर्मी

हालांकि, कुछ इलाकों जैसे गुजरात, राजस्थान और विदर्भ में अभी भी गर्मी का असर बना रह सकता है. ऐसे में अगर आपकी यात्रा इन जगहों पर है, तो सुबह जल्दी घूमना, दोपहर में आराम करना और पानी की कमी न होने देना बेहद जरूरी है.  यह समय मौसम के बदलने का है, जहां कहीं राहत मिलेगी तो कहीं अचानक बदलाव देखने को मिलेगा. ऐसे में अगर आप यात्रा कर रहे हैं तो अपने प्लान को थोड़ा लचीला रखें और जरूरी सामान के साथ हल्की बारिश से बचाव की तैयारी जरूर करें.

इसे भी पढ़ें-Kedarnath Bag Pack Guide : केदारनाथ जाने का है प्लान तो बैग में जरूर पैक कर लें ये 5 चीजें, सफर हो जाएगा आसान



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *