How To Remove Sticky Residue From Floors: फर्श की सफाई रोज करने के बावजूद अगर उसमें चिपचिपाहट बनी रहती है या पोछा लगाने के बाद भी चमक नजर नहीं आती, तो इसकी वजह कई बार गलत क्लीनिंग प्रोडक्ट्स भी हो सकते हैं. बाजार में मिलने वाले कई क्लीनर फर्श को साफ तो कर देते हैं, लेकिन उनके अवशेष सतह पर रह जाते हैं, जिससे धूल जल्दी जमने लगती है और फर्श चिपचिपा महसूस होने लगता है. ऐसे में घर में मौजूद कुछ साधारण चीजों की मदद से एक असरदार क्लीनिंग सॉल्यूशन तैयार किया जा सकता है.
कैसे करें फर्श की सफाई?
फर्श की सफाई के लिए सबसे पहले आपको गुनगुना पानी, सफेद सिरका, रबिंग अल्कोहल और लिक्विड डिश सोप की जरूरत होगी. इन चार चीजों का सही मिश्रण न सिर्फ गंदगी हटाने में मदद करता है, बल्कि फर्श को चमकदार बनाने का भी काम करता है. यदि आप चाहें तो इसमें अपनी पसंद के एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें भी मिला सकते हैं, जिससे घर में ताजगी भरी खुशबू बनी रहेगी.
इसे भी पढ़ें: Summer Superfood Sattu: पीएम मोदी ने भीषण गर्मी से बचने के लिए सत्तू को बताया रामबाण, शेफ कुणाल कपूर ने बताई रेसिपी
क्यों घरेलू क्लीनर सही होता है?
इस घरेलू क्लीनर की खासियत इसके प्राकृतिक तत्व हैं. सफेद सिरका फर्श पर जमी चिकनाई और गंदगी को हटाने में मदद करता है. वहीं रबिंग अल्कोहल कीटाणुओं को खत्म करने के साथ-साथ फर्श को जल्दी सुखाने में भी सहायक होता है. इससे पोछा लगाने के बाद दाग या निशान पड़ने की संभावना कम हो जाती है. लिक्विड डिश सोप जिद्दी गंदगी और तेल के दागों को साफ करने में मदद करता है.
इसको कैसे तैयार कर सकते हैं?
अगर आप स्प्रे बोतल में यह मिश्रण तैयार करना चाहते हैं तो दो कप गुनगुने पानी में आधा कप सफेद सिरका, एक चौथाई कप रबिंग अल्कोहल और तीन बूंद लिक्विड डिश सोप मिला लें. बड़े क्षेत्र की सफाई के लिए इन्हीं सामग्रियों की मात्रा बढ़ाकर बाल्टी में भी घोल तैयार किया जा सकता है. इस मिश्रण की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे इस्तेमाल करने के बाद फर्श को दोबारा पानी से धोने की जरूरत नहीं पड़ती.
कहां- कहां इसका यूज कर सकते हैं?
यह घरेलू उपाय टाइल्स, लैमिनेट, विनाइल, लकड़ी, लिनोलियम, सीमेंट और प्राकृतिक पत्थरों जैसी कई तरह की सतहों पर इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि मिश्रण तैयार करते समय सामग्री की मात्रा में बदलाव करने से बचना चाहिए. होम एक्सपर्ट के अनुसार डिश सोप की जगह दूसरे ऑयल बेस्ड साबुन का इस्तेमाल करने से फर्श पर धब्बे या परत बन सकती है.
इसे भी पढ़ें- Rice Cooking Tips: खिले-खिले चावल बनाने की एकदम आसान ट्रिक, कुकर में लगाएं बस इतनी सीटी