Rahul Gandhi Birthday: भारतीय राजनीति के सबसे चर्चित चेहरों में शामिल राहुल गांधी आज 19 जून 2026 को अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं. कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अक्सर अपने राजनीतिक बयानों, यात्राओं और जनसभाओं को लेकर चर्चा में रहते हैं. देश के अलग-अलग मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखने वाले राहुल गांधी कई बार छात्रों, युवाओं और शिक्षण संस्थानों के कार्यक्रमों में भी नजर आते हैं. अक्सर राहुल गांधी राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर अपनी राय रखते नजर आते हैं. किसानों के बीच संवाद से लेकर विदेशों की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज में भाषण देने तक, राहुल गांधी कई मंचों पर सक्रिय दिखाई देते है. ऐसे में उनके जन्मदिन के मौके पर बहुत से लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि आखिर राहुल गांधी की पढ़ाई-लिखाई कितनी है. तो आइए आज हम आपको बताते हैं कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी कितने पढ़े हैं और उनके पास कौन-कौन सी डिग्रियां हैं.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी कितने पढ़े हैं?
राहुल गांधी का बचपन दिल्ली और देहरादून में बीता है. उनकी शुरुआती शिक्षा नई दिल्ली के सेंट कोलंबा स्कूल में हुई. इसके बाद उन्होंने देहरादून के फेमस द दून स्कूल में पढ़ाई की, हालांकि साल 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सुरक्षा कारणों से उनकी नियमित स्कूली शिक्षा प्रभावित हुई. इसके बाद उन्होंने कई सालों तक घर पर रहकर अपनी पढ़ाई जारी रखी. स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद राहुल गांधी ने साल 1989 में दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज में एडमिशन लिया. उन्होंने यहां कुछ समय तक पढ़ाई की, लेकिन अपनी डिग्री पूरी नहीं की,इसके बाद वे आगे की पढ़ाई के लिए विदेश चले गए.
उनके पास कौन-कौन सी डिग्रियां हैं?
सेंट स्टीफंस कॉलेज के बाद राहुल गांधी अमेरिका की प्रतिष्ठित हार्वर्ड यूनिवर्सिटी पहुंचे. उन्होंने वहां अपनी पढ़ाई शुरू की, लेकिन साल 1991 में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के बाद सुरक्षा कारणों से उन्हें हार्वर्ड छोड़ना पड़ा. इसके बाद उन्होंने अपनी शिक्षा दूसरे संस्थान में जारी रखी. हार्वर्ड छोड़ने के बाद राहुल गांधी ने अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित रॉलिन्स कॉलेज में एडमिशन लिया. यहां से उन्होंने साल 1994 में बैचलर ऑफ आर्ट्स (B.A.) की डिग्री प्राप्त की, रिपोर्ट्स के मुताबिक सुरक्षा कारणों से उस दौरान उन्होंने राउल विंची नाम का भी इस्तेमाल किया था. ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद राहुल गांधी ने ब्रिटेन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के ट्रिनिटी कॉलेज में एडमिशन लिया. यहां उन्होंने डेवलपमेंटल स्टडीज विषय में पढ़ाई की और साल 1995 में एम.फिल (मास्टर ऑफ फिलॉसफी) की डिग्री हासिल की.
यह भी पढ़ें – NEET-UG 2026 Re-Exam Alert: NEET री-एग्जाम में पुराने एडमिड कार्ड से नहीं मिलेगी एंट्री, NTA भेज रहा छात्रों को अलर्ट
राजनीति में आने से पहले क्या करते थे राहुल गांधी?
राजनीति में सक्रिय होने से पहले राहुल गांधी लंदन की एक मैनेजमेंट कंसल्टिंग फर्म मॉनिटर ग्रुप में काम करते थे. इसके बाद साल 2002 में उन्हें मुंबई स्थित टेक्नोलॉजी आउटसोर्सिंग कंपनी बैकॉप्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों में से एक नियुक्त किया गया था.
कब शुरू हुआ राहुल गांधी का राजनीतिक सफर?
राहुल गांधी ने मार्च 2004 में सक्रिय राजनीति में कदम रखा. उन्होंने अपने पिता राजीव गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ा और एक लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. इसके बाद लगातार कांग्रेस की राजनीति में अहम भूमिका निभाते रहे. साल 2017 में उन्हें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया, हालांकि 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद उन्होंने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया.
यह भी पढ़ें – NEET को लेकर दिल्ली में परीक्षार्थियों के लिए खास इंतजाम, गर्मी से बचाव के साथ मिलेगी फ्री बस
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI