Puri Gangasagar Gaya Varanasi Ayodhya Tour Package 2026: जगन्नाथ पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी और अयोध्या जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए आईआरसीटीसी विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन करने जा रहा है. यह यात्रा 15 सितंबर 2026 को इंदौर से शुरू होगी और 11 दिनों में यात्रियों को देश के कई प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों के दर्शन कराएगी. यात्रा के दौरान पुरी में भगवान जगन्नाथ मंदिर, कोलकाता में काली माता मंदिर और गंगासागर, गया में विष्णुपद मंदिर, वाराणसी में काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग तथा अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन शामिल हैं.
कहां से शुरू होगी यात्रा?
यह विशेष ट्रेन इंदौर से रवाना होगी और रास्ते में उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर और कटनी से भी यात्री सवार हो सकेंगे. 10 रात और 11 दिन की इस यात्रा में स्लीपर, 3 एसी और 2 एसी श्रेणी के विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं. यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 17 सितंबर को ट्रेन पुरी पहुंचेगी, जहां यात्रियों को जगन्नाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे. इसके बाद यात्रा कोलकाता और गंगासागर की ओर बढ़ेगी. गंगासागर में रात्रि विश्राम के बाद श्रद्धालु कोलकाता स्थित काली मंदिर के दर्शन करेंगे. इसके बाद ट्रेन गया पहुंचेगी, जहां विष्णुपद मंदिर में दर्शन का अवसर मिलेगा. अगले पड़ाव में वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर और फिर अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे. 25 सितंबर को ट्रेन वापस इंदौर पहुंचेगी और यात्रा का समापन होगा.
Some journeys are measured in miles. Others are remembered in moments of devotion.
Embark on a soul-enriching pilgrimage through the sacred spiritual corridor of Eastern India with IRCTC’s Bharat Gaurav Tourist Train.https://t.co/aUZ4oiYpGH
(Package Code=WZBG76) pic.twitter.com/mM682fo7gk
— IRCTC Bharat Gaurav Tourist Train (@IR_BharatGaurav) June 19, 2026
कितना होगा इसके लिए खर्च?
पैकेज की कीमत कैटेगरी के अनुसार अलग-अलग रखी गई है. स्लीपर कैटेगरी के लिए प्रति व्यक्ति किराया 19,600 रुपये, 3 एसी के लिए 31,850 रुपये और 2 एसी के लिए 41,900 रुपये निर्धारित किया गया है. भारतीय रेलवे की भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत लगभग 33 प्रतिशत की रियायत भी इन किरायों में शामिल है.
इसे भी पढ़ें- मां कामाख्या के दर्शन करने हैं तो IRCTC ले आया बेहतरीन प्लान, मात्र 2550 में मिल रहा पूरा पैकेज
क्या- क्या सुविधाएं शामिल है?
यात्रा पैकेज में ट्रेन यात्रा, सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात्रि भोजन, होटल में ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय परिवहन, प्रतिदिन दो लीटर पानी की बोतल, टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा व्यवस्था और यात्रा बीमा शामिल रहेगा. गंगासागर में आधारभूत सुविधाओं की सीमित उपलब्धता के कारण सभी श्रेणियों के यात्रियों को मल्टी-शेयरिंग कमरों और सामान्य परिवहन की सुविधा दी जाएगी. हालांकि व्यक्तिगत खर्च, दवाइयां, लॉन्ड्री, विशेष दर्शन टिकट, कैमरा शुल्क, कुली सेवा, नौका विहार, एडवेंचर गतिविधियां, टूर गाइड और अन्य व्यक्तिगत सेवाएं पैकेज में शामिल नहीं होंगी. इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की पर्यटन वेबसाइट या क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से इस जर्नी के लिए बुकिंग करा सकते हैं.
इसे भी पढ़ें- IRCTC Tour Package: कम पैसे में घूमें अपना देश, IRCTC लाया है शानदार पैकेज, रहना-खाना बिल्कुल फ्री