New Delhi: भारतीय क्रिकेट इतिहास और टी20 लीग्स में कई रिकॉर्ड्स बने हैं. बात टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टीमों की करें, तो मुकाबला काफी दिलचस्प हो जाता है. इसमें आईपीएल की टीमों से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का दबदबा साफ दिखाई देता है.
आज हम आपको दुनिया की उन टॉप-5 टीमों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने टी20 फॉर्मेट में रनों का अंबार खड़ा किया है. इन टीमों ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर न केवल मैच जीते, बल्कि इतिहास के पन्नों में अपना नाम भी दर्ज कराया है. इस लिस्ट में भारतीय फ्रेंचाइजी टीमों का बोलबाला है, जो यह दर्शाता है कि भारत में इस फॉर्मेट को कितनी गंभीरता से लिया जाता है.
सबसे पहले बात करते हैं पांच बार की आईपीएल चैंपियन रहें वाली टीम मुंबई इंडियंस की. यह टीम इस फेहरिस्त में शीर्ष पर काबिज है. मुंबई ने अब तक टी20 फॉर्मेट में कुल 309 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 27.27 की औसत से कुल 50,274 रन बनाए हैं. मुंबई का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर 247 रन रहा है, जबकि उनका न्यूनतम स्कोर 87 रन दर्ज किया गया है.
इंग्लैंड के काउंटी क्लब और आरसीबी का जलवा
इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर इंग्लैंड का काउंटी क्लब ‘समरसेट’ मौजूद है. इंग्लैंड के लोग टी20 क्रिकेट को बेहद पसंद करते हैं और समरसेट ने वहां अपनी एक अलग पहचान बनाई है. समरसेट ने कुल 303 मुकाबलों में शिरकत की है और 26.46 की औसत से 48,244 रन अपने नाम किए हैं. इस टीम का टी20 में उच्चतम स्कोर 265 रन है, जो उनकी बल्लेबाजी की गहराई को दिखाता है.
यह भी पढ़ें- पंजाब की लगातार तीसरी हार, काम नहीं आया कूपर कोनोली का तूफान, SRH प्लेऑफ के करीब
तीसरे नंबर पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) है. रनों के मामले में यह टीम किसी से पीछे नहीं है. आरसीबी ने 295 मैचों में 27.8 की औसत से 47,304 रन बनाए हैं. आरसीबी के नाम जहां एक तरफ 263 रनों का विशाल स्कोर दर्ज है, वहीं वे 49 रनों के बेहद कम स्कोर पर भी सिमट चुके हैं.
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) इस सूची में चौथे पायदान पर है. धोनी की कप्तानी में निखरी इस टीम ने 287 मैचों में 30.58 की शानदार औसत के साथ 46,757 रन जोड़े हैं. सीएसके का सबसे बड़ा स्कोर 246 रन है और उनका न्यूनतम स्कोर 79 रन रहा है. सीएसके की खासियत उनकी स्थिरता रही है, जो उनके बेहतरीन औसत से भी साफ झलकती है.
टीम इंडिया का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबदबा
अंत में बात करते हैं भारतीय राष्ट्रीय टीम की, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टीम होने के बावजूद इस ओवरऑल लिस्ट में पांचवें स्थान पर है. टीम इंडिया ने अब तक 281 मैच खेले हैं और 31.02 की दमदार औसत से 45,241 रन बनाए हैं. खास बात यह है कि इस लिस्ट में भारत का औसत सबसे शानदार है. भारतीय टीम का टी20 में सर्वाधिक स्कोर 297 रनों का रहा है, जबकि उनका न्यूनतम स्कोर 74 रन है.