MS Dhoni Tax News: मैदान पर हेलीकॉप्टर शॉट से गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले और विकेट के पीछे अपनी चपलता से बल्लेबाजों को हैरान करने वाले आईपीएमल में सीएसके के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं, लेकिन इस बार वजह क्रिकेट का मैदान नहीं, बल्कि उनका इनकम टैक्स रिटर्न है.
‘कैप्टन कूल’ एक बार फिर झारखंड और बिहार के सबसे बड़े व्यक्तिगत करदाता यानी हाईएस्ट इंडिविजुअल टैक्सपेयर बनकर उभरे हैं. धोनी ने इस साल इतना टैक्स भरा है कि सुनने वाले दंग रह गए हैं.
धोनी ने चुकाया 38 करोड़ का एडवांस टैक्स
आयकर विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, एमएस धोनी ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए एडवांस टैक्स के रूप में एक भारी-भरकम राशि जमा की है. रिपोर्टों की मानें तो धोनी ने इस साल लगभग 38 करोड़ रुपए का एडवांस टैक्स चुकाया है. यह आंकड़ा न केवल उनकी जबरदस्त कमाई को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि क्रिकेट से संन्यास लेने के सालों बाद भी उनकी ब्रांड वैल्यू और बिजनेस सूझबूझ कम नहीं हुई है.
पिछले साल भी धोनी ने लगभग इतनी ही राशि टैक्स के रूप में दी थी, जो उन्हें लगातार राज्य का नंबर-वन टैक्सपेयर बनाए हुए है. अब आप सोच रहे होंगे कि इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर होने के बाद भी धोनी इतनी कमाई कैसे कर रहे हैं? इसका जवाब है उनका निवेश और ब्रांड एंडोर्समेंट.
ई-रुपया क्या होता है, इससे क्या फायदा होता है और यह काम कैसे करता है? आपके काम आएगी ये जानकारी
एक सफल बिजनेसमैन भी हैं धोनी
धोनी आज सिर्फ एक क्रिकेटर नहीं, बल्कि एक सफल बिजनेसमैन हैं. रांची में उनका विशाल ऑर्गेनिक फार्म हाउस हो, जिम चेन ‘धोनी स्पोर्ट्सफिट’ हो, या फिर गारमेंट और फुटवियर ब्रांड ‘सेवन’, उनका बिजनेस पोर्टफोलियो काफी बड़ा है.
इसके अलावा धोनी कई बड़ी कंपनियों के ब्रांड एंबेसडर हैं और आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी से मिलने वाली फीस भी उनकी आय का एक बड़ा हिस्सा है. झारखंड और बिहार जैसे राज्यों में, जहां बड़े औद्योगिक घरानों की कमी नहीं है, वहां एक खिलाड़ी का सबसे बड़ा टैक्सपेयर होना अपने आप में एक मिसाल है.
जिम्मेदार नागरिक होने के मामले में भी ‘असली फिनिशर’ बने धोनी
एमएस धोनी की यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो खेल को करियर बनाना चाहते हैं. यह साबित करता है कि ईमानदारी से टैक्स चुकाना और देश की इकोनॉमी में योगदान देना उतना ही जरूरी है जितना कि मैदान पर मैच जीतना. धोनी ने एक बार फिर दिखाया है कि वो सिर्फ खेल के ही नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक होने के मामले में भी ‘असली फिनिशर’ हैं. उनके फैंस के लिए यह गर्व की बात है कि उनका पसंदीदा खिलाड़ी मैदान के बाहर भी रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा रहा है.
50% तक बढ़ गए पेट्रोल के दाम, ईरान जंग की आग में झुलसे लोग, ट्रंप का उल्टा पड़ा दांव!