Suryansh Shedge Profile: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार (23 जून) को एक आधिकारिक एलान करते हुए बताया कि आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए सूर्यांश शेड्गे ने ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी को रिप्लेस किया. नितीश इंजरी के चलते दोनों सीरीज से बाहर हुए. अब सवाल यह है कि आखिरी सूर्यांश शेड्गे कौन हैं और उन्हें कैसे टीम इंडिया में जगह मिली.
कौन हैं सूर्यांश शेड्गे?
बैटिंग ऑलराउंडर के रूप में खेलने वाले सूर्यांश अनकैप्ड खिलाड़ी हैं, मतलब अब तक उन्होंने एक भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है. 23 साल के सूर्यांश का जन्म 29 जनवरी 2003 में हुआ था.
टीम इंडिया में कैसे मिली जगह?
मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले सूर्यांश हाल ही में समाप्त हुई ट्राई नेशन सीरीज में इंडिया-ए के लिए खेलते हुए नजर आए थे. उन्होंने सीरीज में शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा था. मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करते हुए सूर्यांश ने 147 रन बनाए और कुल 23 ओवर गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट अपनी झोली में डाले.
आईपीएल में पंजाब किंग्स का हिस्सा
मुंबई के ऑलराउंडर को पंजाब किंग्स ने 2025 सीजन के लिए हुए मेगा ऑक्शन में 30 लाख रुपये की बेस प्राइज पर खरीदा था. उन्होंने पंजाब के लिए पहले सीजन में 5 मैच खेले, जिसमें बैटिंग करते हुए सिर्फ 07 रन बनाए और 1 विकेट चटकाया. अगले सीजन बैटिंग में सुधार करते हुए सूर्यांश ने 158 रन स्कोर किए. लेकिन इस दफा उन्हें गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिल सका.
बताते चलें कि सूर्यांश इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा थे. 2023 सीजन में उन्हें फ्रेंचाइजी ने जयदेव उनादकट की जगह स्क्वॉड का हिस्सा बनाया था, लेकिन सूर्यांश को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिल सका था.
सूर्यांश शेड्गे का करियर
सूर्यांश ने अब तक अपने करियर में 8 फर्स्ट क्लास, 15 लिस्ट-ए और 30 टी20 मैच खेल लिए हैं. फर्स्ट क्लास में बैटिंग करते हुए मुंबई के खिलाड़ी ने 439 रन बनाए और बॉलिंग में 1 विकेट लिया. लिस्ट-ए में बैटिंग करते हुए सूर्यांश ने 258 रन बनाए और 11 विकेट झटके. बाकी टी20 में उन्होंने 356 रन स्कोर किए और 13 विकेट अपनी झोली में डाले.